अररिया बस स्टैंड के समीप ओवरब्रिज के पास फारबिसगंज और पटना जाने वाली बसों का ठहराव स्थल बदहाल स्थिति में है. सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है. हल्की बारिश होते ही यहां पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऑटो और ई-रिक्शा पर सवार यात्री अक्सर गड्ढों और जलजमाव के कारण गिरकर घायल हो जाते हैं. आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है.
सड़क किनारे स्थित एक विशाल बरगद का पेड़ भी लोगों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है. स्थानीय दुकानदारों के अनुसार पेड़ जर्जर होकर एक ओर झुक गया है और किसी भी समय गिर सकता है. बसों का ठहराव भी इसी स्थान पर होने के कारण यात्रियों और दुकानदारों में हमेशा हादसे का डर बना रहता है.
मरम्मत और पेड़ की जांच की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत लंबे समय से खराब है, लेकिन अब तक न तो मरम्मत कराई गई और न ही जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की गई है. वहीं जर्जर बरगद के पेड़ की भी विभागीय स्तर पर जांच नहीं कराई गई है. लोगों का सवाल है कि सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी नगर पालिका की है या लोक निर्माण विभाग की, इसका भी अब तक स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाया है.
स्थानीय लोगों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरब्रिज के पास क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जर्जर बरगद के पेड़ को हटाकर संभावित हादसे को टाला जाए. लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
