अररिया में 56.97 करोड़ की लागत से बन रहा अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय, 560 छात्रों को मिलेगी निशुल्क शिक्षा

अररिया में 56.97 करोड़ रुपये की लागत से एक नया अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय बन रहा है. यह विद्यालय 560 छात्रों को नवोदय विद्यालय की तर्ज पर निशुल्क शिक्षा, आवास और भोजन जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा.

Araria Minority Residential School: अररिया सदर प्रखंड के बसंतपुर पंचायत स्थित सिंधिया टोला कोस्कीपुर में बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयास से अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. विद्यालय के निर्माण पर कुल 56 करोड़ 97 लाख 46 हजार रुपये खर्च किए जा रहे हैं. इसके शुरू होने के बाद जिले के छात्र-छात्राओं को आधुनिक एवं निशुल्क आवासीय शिक्षा की सुविधा मिलेगी.

नवोदय विद्यालय की तर्ज पर होगी पढ़ाई

विद्यालय में कक्षा 9 से 12 तक विज्ञान और वाणिज्य संकाय की पढ़ाई कराई जाएगी. यह पूर्णतः आवासीय एवं निशुल्क विद्यालय होगा. यहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रहने, भोजन, अध्ययन सामग्री तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं भी मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी.

560 विद्यार्थियों के लिए होगी व्यवस्था

विद्यालय में कुल 560 विद्यार्थियों के नामांकन की व्यवस्था होगी. इनमें 50 प्रतिशत सीटें छात्र और 50 प्रतिशत छात्राओं के लिए निर्धारित रहेंगी. नामांकन प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से होगा. कुल सीटों में 75 प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्र तथा 25 प्रतिशत शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए आरक्षित रहेंगी.

निर्माण कार्य तेजी से जारी

अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के सहायक निदेशक सुबोध कुमार ने बताया कि सरकारी भूमि उपलब्ध कराने और निर्माण कार्य को गति देने में विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि यह संस्थान जिले के अल्पसंख्यक समुदाय के मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा.

जनप्रतिनिधियों ने जताई खुशी

Araria Minority Residential School: जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम पप्पू ने कहा कि बिहार के कई जिलों में ऐसे आवासीय विद्यालय बनाए जा रहे हैं. उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय के शुरू होने से जिले के गरीब एवं मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा.अररिया प्रखंड प्रमुख अब्दुल हन्नान, मुखिया संघ के जिला अध्यक्ष शाद अहमद बबलू, प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष मासूम अंजार तथा बसंतपुर पंचायत के मुखिया मो. इम्तियाज आलम ने भी विद्यालय निर्माण को जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए सरकार को बधाई दी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मृगेंद्रमणि सिंह

मृगेंद्रमणि सिंह प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के अररिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >