फारबिसगंज होकर हावड़ा ट्रेन चलाने की मांग को मिला समर्थन, रेल यात्रियों को बड़ी राहत की उम्मीद

क्षेत्रीय स्तर पर फारबिसगंज होकर हावड़ा के लिए नई त्रिसाप्ताहिक ट्रेन चलाने की मांग ने जोर पकड़ा है. इस पहल से मिथिलांचल, कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लाखों यात्रियों को कोलकाता और दक्षिण भारत की यात्रा में सुविधा मिलेगी.

Araria News: अररिया. फारबिसगंज होकर हावड़ा के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग को लेकर क्षेत्र में समर्थन बढ़ता जा रहा है. बिहार डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन और बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन से जुड़े प्रतिनिधियों ने झंझारपुर सांसद राम प्रीत मंडल की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि लोकहा बाजार से राघोपुर, नरपतगंज, फारबिसगंज और कटिहार के रास्ते हावड़ा तक त्रिसाप्ताहिक ट्रेन शुरू होती है, तो मिथिलांचल, कोसी और सीमांचल के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.

रेल यात्रियों का कहना है कि इस रूट पर सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से कोलकाता, उड़ीसा और दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले हजारों लोगों का समय और खर्च दोनों कम हो सकते हैं. यह मांग लंबे समय से क्षेत्रीय स्तर पर उठाई जा रही है.

सांसद की पहल का किया स्वागत

बिहार डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन की केंद्रीय समिति के सदस्य बछराज राखेचा ने झंझारपुर के सांसद राम प्रीत मंडल के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि सांसद ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष लोकहा बाजार से राघोपुर, नरपतगंज, फारबिसगंज और कटिहार के रास्ते हावड़ा तक त्रिसाप्ताहिक ट्रेन चलाने की मांग उठाई है.

उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित लोकहा बाजार से हावड़ा के लिए सीधी ट्रेन शुरू होने पर पूर्वी नेपाल के यात्रियों को भी महत्वपूर्ण सुविधा मिलेगी.

मिथिलांचल, कोसी और सीमांचल को मिल सकता है लाभ

एसोसिएशन से जुड़े प्रतिनिधियों का मानना है कि यह ट्रेन केवल एक नई रेल सेवा नहीं होगी, बल्कि उत्तर बिहार के कई जिलों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क सुविधा साबित हो सकती है.

उनके अनुसार मिथिलांचल, कोसी और सीमांचल क्षेत्र के हजारों यात्री रोजगार, शिक्षा, चिकित्सा और व्यापारिक कार्यों के लिए कोलकाता और दक्षिण भारत की यात्रा करते हैं. फिलहाल उन्हें कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे यात्रा लंबी और असुविधाजनक हो जाती है.

कोलकाता के लिए नियमित ट्रेन सेवा की मांग को भी मिलेगी मजबूती

बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन के सदस्य चंदन भगत ने कहा कि यदि प्रस्तावित त्रिसाप्ताहिक ट्रेन शुरू होती है, तो फारबिसगंज और आसपास के क्षेत्रों से कोलकाता के लिए नियमित ट्रेन सेवा की मांग को भी बल मिलेगा.

उन्होंने कहा कि इस रूट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और बेहतर रेल संपर्क से व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ रोजगार और शिक्षा के अवसरों तक पहुंच भी आसान होगी.

Araria News: वैकल्पिक मार्ग का भी सुझाव

समाजसेवी और भाजपा नेता आदर्श गोयल ने सुझाव दिया कि प्रस्तावित ट्रेन को अररिया-खवासपुर मार्ग से चलाने पर भी विचार किया जाना चाहिए. उनका कहना है कि इससे क्षेत्र के अधिक यात्रियों को लाभ मिल सकेगा और कई इलाकों को बेहतर रेल संपर्क प्राप्त होगा.

स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि रेल मंत्रालय इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेता है, तो फारबिसगंज सहित सीमांचल क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही एक महत्वपूर्ण रेल आवश्यकता पूरी हो सकती है.

Also Read: 11 अगस्त के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर? बांकीपुर उपचुनाव में BJP क्यों हारी और RJD के लिए कैसे बढ़ा खतरा

Also Read: बिहार के 15 जिले बाढ़ प्रभावित, 2 हजार गांव हाई रिस्क जोन में, CM सम्राट ने नदियों को लेकर बताया प्लान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विपुल विश्वास

विपुल विश्वास प्रिंट माध्यम में 20 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >