अररिया जिले में शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट, नवाचारी और अनुकरणीय योगदान देने वाले समर्पित गुरुजनों के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. समाहरणालय स्थित परमान सभागार में आयोजित ‘शिक्षक सम्मान समारोह-2026’ के दौरान जिले के सभी नौ प्रखंडों से चयनित 19 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने चयनित शिक्षकों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनकी निष्ठा और मेहनत की मुक्तकंठ से सराहना की.
शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत कड़ी: डीएम
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी विनोद दूहन ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ और देश के भविष्य निर्माता हैं. अररिया जैसे सीमावर्ती और विकासशील जिले में शिक्षा के स्तर को उन्नत बनाकर ही सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है. उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे स्कूलों में सकारात्मक व शैक्षणिक माहौल बनाएं, छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें और सीखने में कमजोर बच्चों को अतिरिक्त समय देकर आगे लाएं.
पाठ्यक्रम से आगे बढ़कर चरित्र निर्माण और नवाचार पर दें जोर
डीएम ने अपने संबोधन में इस बात पर विशेष बल दिया कि शिक्षक अपनी भूमिका को केवल किताबी पाठ्यक्रम खत्म करने तक सीमित न रखें. उनका मूल दायित्व बच्चों के भीतर अनुशासन, नैतिक मूल्य, उच्च चरित्र और नवाचार की ललक पैदा करना है. उन्होंने शिक्षकों से आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, टीएलएम और गतिविधि आधारित शिक्षा को अपनाकर छात्रों के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास में सहभागी बनने का अनुरोध किया.
इन उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं को मिला सम्मान
सम्मान पाने वाले शिक्षकों में उच्च विद्यालय जोकीहाट के बिश्वनाथ पासवान, उच्च माध्यमिक विद्यालय डुमरिया बलाक की हीना नाज, बसंत कुमार झा और विकास कुमार उपाध्याय शामिल हैं. इनके साथ ही उच्च माध्यमिक विद्यालय पिपरा बिजवार के सुधांशु कुमार तिवारी, यूएमवी खपड़ा कन्हेली के दिनेश कुमार, यूएचएस चरैया के अंकुर कुमार और मनीष कुमार को उत्कृष्ट अध्यापन के लिए मंच पर सम्मानित किया गया.
प्राथमिक व मध्य विद्यालयों की शिक्षिकाएं भी हुईं सम्मानित
समारोह में प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला शिक्षकों को भी मंच से सम्मानित किया गया. इनमें प्राथमिक विद्यालय यादव टोला मदनपुर की प्रधान शिक्षिका राशदा खानम, प्राथमिक विद्यालय मधोपाड़ा की प्रधान शिक्षिका रुही कुमारी और मध्य विद्यालय परवाखुरी की शिक्षिका प्रीति कुमारी शामिल रहीं.
शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारी रहे मौजूद
गरिमामयी समारोह के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) साहेब आलम सहित शिक्षा विभाग के तमाम प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, विभागीय कर्मी और जिले भर से आए चयनित शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे. सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सम्मानित गुरुजनों का उत्साहवर्धन किया.
