एटीएम से पैसे निकालते चार साइबर ठग गिरफ्तार, 68 हजार नकद और 7 एटीएम कार्ड बरामद

अररिया नगर थाना पुलिस ने एटीएम में संदिग्ध गतिविधि देख चार साइबर ठगों को दबोचा है. पूछताछ में ठगी के एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है, जिसमें दिल्ली पैसे भेजे जा रहे थे. पुलिस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में जुटी है.

Cyber Crime: अअररिया नगर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. नगर थाना क्षेत्र के एडीबी चौक स्थित एक एटीएम में संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की. गिरफ्तार आरोपियों के पास से नकदी, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन, पासबुक और अन्य सामान बरामद किए गए हैं. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.

संध्या गश्ती के दौरान हुई कार्रवाई

सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में पुअनि अमित कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मी संध्या गश्ती पर थे. इसी दौरान एडीबी चौक स्थित एटीएम में चार युवक संदिग्ध गतिविधि करते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसके बाद साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ.

दिल्ली भेजे जा रहे थे ठगी के रुपये

प्रेस कांफ्रेंस में एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पहले कहा कि वे रुपये दिल्ली भेज रहे हैं. इसी बात पर पुलिस को संदेह हुआ. गहन पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे म्यूल अकाउंट धारक के रूप में काम करते थे. साइबर ठगी की रकम पहले उनके खातों में ट्रांसफर की जाती थी. इसके बाद वे एटीएम से नकदी निकालकर अपना कमीशन रखते और शेष राशि अन्य खातों में भेज देते थे.

नकदी, एटीएम कार्ड और मोबाइल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 68,800 रुपये नकद, 7 एटीएम/डेबिट कार्ड, 2 पासबुक, 4 मोबाइल फोन, 2 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड तथा एक बाइक बरामद की है. पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद नकदी साइबर ठगी से प्राप्त हुई थी.

चार आरोपी गिरफ्तार

Cyber Crime: गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बैरगाछी थाना क्षेत्र के बोची निवासी अबु रेहान (27) एवं मो. फैसल आलम (19) तथा मदनपुर थाना क्षेत्र के महादलित टोला कनायन निवासी आसिक (20) और इमरान आलम (20) के रूप में हुई है.

मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी

इस मामले में अररिया थाना में कांड संख्या 374/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4), 111(1), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. एसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और पूरे साइबर नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >