ARARIA : वर्ग कक्ष के इर्द-गिर्द शराब की खाली बोतल व सिगरेट के खाली डब्बे से छात्रों में आक्रोश

विद्यालय की बदहाल स्थिति और शिक्षण कार्य में बाधा को लेकर छात्राओं में आक्रोश भी देखा जा रहा है. विद्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का लगातार जमावड़ा लगा रहता है.

नरपतगंज, अररिया से संजीव कुमार यादव की रिपोर्ट :

प्रखंड क्षेत्र के भारत-नेपाल सीमा से सटे कुनकुन देवी प्लस टू उच्च विद्यालय, फुलकाहा नवाबगंज को सरकार द्वारा मॉडल विद्यालय का दर्जा मिलने के बाद ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं में बेहतर शिक्षा व्यवस्था की उम्मीद जगी है. वहीं दूसरी ओर विद्यालय की बदहाल स्थिति और शिक्षण कार्य में बाधा को लेकर छात्राओं में आक्रोश भी देखा जा रहा है. विद्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का लगातार जमावड़ा लगा रहता है. बताया जाता है कि ये लोग चाहरदीवारी फांदकर विद्यालय के कमरों और छत पर पहुंच जाते हैं तथा वहां स्मैक, शराब और सिगरेट का सेवन करते हैं. नशा करने के बाद शराब की खाली बोतलें, सिगरेट, डिस्पोजल ग्लास एवं अन्य गंदगी विद्यालय परिसर और वर्ग कक्षों में फेंक दी जाती है. विद्यालय के शिक्षकों द्वारा जब इन लोगों को रोकने का प्रयास किया जाता है तो वे उल्टे शिक्षकों को ही धमकी देने लगते हैं. इससे विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में भय का माहौल बना हुआ है. दिन और शाम के समय विद्यालय परिसर में नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है. यहां तक कि जिस समय छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे होते हैं, उस समय भी नशेड़ियों द्वारा नशीले पदार्थों का सेवन और हंगामा किया जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.इस गंभीर समस्या को लेकर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक बृजभूषण यादव ने फुलकाहा थाना में आवेदन देकर विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >