Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अररिया में कहा कि भारत की जमीन पर रहने वाले हर अवैध घुसपैठिए को बाहर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह कोई चुनावी जुमला नहीं, बल्कि मोदी सरकार का पक्का इरादा है. इस दिशा में जल्द कार्रवाई शुरू होगी. अररिया में बॉर्डर आउट पोस्ट लेटी और इंदरवा के उद्घाटन के मौके पर उन्होंने सशस्त्र सीमा बल (SSB) की तारीफ की.
अमित शाह ने बताया, नेपाल सीमा पर नजर रखना जरूरी क्यों
अमित शाह ने कहा कि नेपाल जैसे मित्र देश के साथ हमारी खुली सीमा है, लेकिन इसका गलत फायदा उठाने वालों पर नजर रखना जरूरी है. दुश्मन सीमा का इस्तेमाल कर देश में घुसने की कोशिश करते हैं, इसलिए सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहना होगा.
उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल सीमा सड़क योजना के तहत 556 किलोमीटर लंबी सड़क को मंजूरी मिली है. 18 में से 14 हिस्सों में काम पूरा हो चुका है और बाकी चार हिस्सों में तेजी से काम चल रहा है. यह सड़क बनने से सुरक्षा बलों की निगरानी मजबूत होगी और बॉर्डर इलाके के गांवों को भी फायदा मिलेगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
10 किमी तक का अवैध अतिक्रमण हटाया जायेगा
अमित शाह ने कहा कि सीमा के 10 किलोमीटर के अंदर जितने भी अवैध अतिक्रमण हैं उन्हें हटाया जाएगा. साथ ही घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. उनका कहना था कि घुसपैठ का असर सिर्फ चुनाव तक सीमित नहीं है. इससे गरीबों के राशन और युवाओं के रोजगार पर भी असर पड़ता है.
उन्होंने सीमांचल की जनता से सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि सही जानकारी और स्थानीय सहयोग से ही यह अभियान सफल होगा. सरकार का लक्ष्य है कि सीमा सुरक्षा और विकास दोनों साथ-साथ आगे बढ़ें.
इसे भी पढ़ें: अजगैवीनाथ धाम ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट पर आया अपडेट, टेंडर जारी, सरकार का मेगा प्लान तैयार
