आरोपी ने जेल में बंद दिनेश राठौर पर न्यायालय परिसर में जाति सूचक गाली देने का लगाया है आरोप
दोनों में तालाब को लेकर चल रहा है विवाद
दिनेश राठौर पर चार दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं
अररिया : कुख्यात अपराधकर्मी दिनेश राठौर के विरुद्ध बीते शनिवार को एससी-एसटी थाना में एक कांड दर्ज हुआ है. प्राथमिकी में सूचक विद्यानंद बैठा पिता स्व रतन लाल बैठा गांव भोजपुर थाना ताराबाड़ी ने आरोप लगाया है कि दिनेश राठौर ने उसे जाति सूचक गाली-गलौज कर अपमानित किया है. उसने दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि भोजपुर मध्य विद्यालय के समीप दिनेश राठौर का एक पोखर है, जिसे उसने हमें लीज पर दे रखा था. समय पर लीज की राशि का भुगतान भी करते थे. इस समय भी पोखर में मछली छोड़ा था. इस बीच दिनेश राठौर ने खबर देकर बुलवाया. जब व्यवहार न्यायालय में उसने मिला तो उसने पोखर छोड़ देने को कहा गया.
उसने किसी दूसरे व्यक्ति को पोखर लीज पर देने की बात कही. जब इसका विरोध किया तो उसने जाति-सूचक गाली देते हुए धमकी दे डाला. इस बाबत एससी-एसटी थानाध्यक्ष सीके टुडू ने बताया कि कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. बताना लाजिमी होगा कि काराधीन बंदी दिनेश राठौर कई वर्षों से काराधीन है. उस पर हत्या, लूट सहित लगभग चार दर्जन से अधिक कांड जिले के विभिन्न थाना में दर्ज हैं. एपीपी देवनारायण मिश्र हत्याकांड को लेकर राठौर अपराध जगत में सुर्खियों में आया था.
