दुखद. जिले के दो अलग-अलग जगहों पर हुआ हादसा
कमलदाहा वार्ड संख्या एक में गुरुवार को हाई टेंशन तार की चपेट में आने से 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गयी. वहीं दूसरी घटना अररिया आरएस के वर्मा सेल पेट्रोल पंप के समीप एक निजी आवास में काम कर रहा मजदूर करंट लगने से झुलस गया जिससे उसकी भी मौत हो गयी.
कुर्साकांटा/अररिया आरएस : जिले में दो अलग-अलग जगहों पर करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गयी. जिसमें पहली घटना कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के कमलदाहा वार्ड संख्या 01 में गुरुवार को हाई टेंशन तार की चपेट में आने से 50 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक श्रीप्रसाद भगत कमलदाहा का निवासी था. परिजनों द्वारा उसे आनन फानन में पीएचसी कुर्साकांटा लाया गया. जहां चिकित्सक द्वारा मृत घोषित कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही कुर्साकांटा थानाध्यक्ष सुनील कुमार सदल बल मृतक के घर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया.
सूचना पर सीओ वीरेंद्र सिंह भी मृतक के घर पहुंचे व अनुग्रह अनुदान की राशि के लिए वरीय पदाधिकारी को पत्र लिखने का आश्वासन दिया. अररिया आरएस प्रतिनिधि के अनुसार, शहर के बर्मा सेल पेट्रोल पंप के समीप एक निजी आवास में काम कर रहा मजदूर करंट लगने से झुलस गया. आनन फानन में उसे स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया. जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक नगर परिषद क्षेत्र के डम्हैली गांव का रहने वाला नसीम पिता बहरू बताया जाता है. इस संबंध में मृतक का साला हरियाबारा निवासी मुतसिर ने बताया कि उसका जीजा बर्मा सेल के समीप एक मकान में मारबल घिसाई का काम कर रहा था. इसी दौरान वह विद्युत स्पर्शाघात का शिकार हो गया. जिससे उसकी मौत हो गयी. बताया जाता है कि नसीम की शादी आठ माह पूर्व ही हुई थी. मौत की सूचना पर मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. खबर लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था.
पत्नी व पुत्र का हुआ रोकर बुरा हाल
परिजनों ने बताया कि श्रीप्रसाद अपने घर से सटे खाली जगह पर मवेशी के गोहाल पर टीना चढ़ा रहा था. इसी दौरान टीन का संपर्क घर के ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तार से हो गया. इससे उसे जोरदार झटका लगा व वह नीचे गिर गया. इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी मृतक की पत्नी सदमे से बार बार बेहोश हो रही थी तो पुत्र का रो-रो कर बुरा हाल था. विद्युत स्पर्शाघात से हुई मौत को लेकर एमएलसी प्रतिनिधि मो अजहर उद्दीन ने बताया कि बिजली विभाग की लचर व्यवस्था के कारण यह घटना हुई. इस मौके पर मुखिया मो अनवार आलम, मो फिरोज आलम, सअनि नागेंद्र कुमार सिंह, सुभाष साह, झमेली ठाकुर, पूर्व मुखिया राकेश विश्वास, आिद ने मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया.
