अररिया : अररिया अनुमंडल के दो प्रखंडों के दो दर्जन से अधिक डीलरों पर प्रशासनिक कार्रवाई की तलवार लटक गयी है. वजह ये है कि डीलरों ने मई माह के राशन उठाव के लिए ई-चालान की निर्धारित राशि नहीं जमा की है. जिला आपूर्ति पादाधिकारी अशोक कुमार मंडल द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक जिन डीलरों ने अब तक राशि नहीं जमा की है, उनमें अररिया प्रखंड व शहरी क्षेत्र के सात व कुर्साकांटा प्रखंड के 20 डीलर शामिल हैं.
इस संबंध में दोनों प्रखंडों में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों की रिपोर्ट का हवाला देते हुए डीएसओ ने बताया कि बार बार निर्देशित किये जाने के बावजूद कुछ डीलरों ने मई माह के लिए निर्गत चालान की राशि राज्य खाद्य निगम के खाते में नहीं जमा करायी है. मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सदर एसडीओ को कथित रूप से दोषी डीलरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की अनुशंसा की है. दी गयी जानकारी के मुताबिक जिन डीलरों ने राशि नहीं जमा करायी है
उन में शहरी क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 व पांच के एक एक डीलर के अलावा बांसबाड़ी, झमटा, हयातपुर, बनगामा व कमलदाहा पंचायत के एक एक डीलर शामिल हैं. जबकि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की रिपोर्ट के मुताबिक कुर्साकांटा प्रखंड के लैलोखर, कुआड़ी, डुमरिया, कुर्साकांटा के दो दो डीलर, सिकटिया के एक, शंकरपुर के दो, जागीर परासी के चार, कमलदाहा व रहटमीना के एक-एक व सौरगांव के दो डीलरों ने मई माह के उठाव के लिए ई-चालान की राशि नहीं जमा की है.
