प्रकृति का प्रकोप . आंधी-पानी से सैकड़ों घरों के उड़े छप्पर
जिले में सोमवार की देर शाम आयी तेज आंधी व बारिश से भारी नुकसान हुआ है. रानीगंज प्रखंड में दो व भरगामा प्रखंड में एक व्यक्ति की मौत हो गयी.
अररिया : रानीगंज प्रखंड क्षेत्र के बेलसरा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या नौ बेलसरा गोठ टोला में सोमवार की संध्या आंधी के दौरान दीवार गिरने से दो भाई व बहन की मौके पर ही मौत हो गयी. इस घटना में मृतक बच्चे के घायल मां की हालत नाजुक बनी हुई है. चिंताजनक स्थिति में रेफरल अस्पताल से रेफर होने के बाद सदर अस्पताल पूर्णिया में भरती है. एक साथ दो मासूम की मौत से गांव में मातम पसर गया है. मृतक के परिजनों के बीच माहौल गमगीन हो गया है. प्रकृति के प्रकोप से ग्रामीण स्तब्ध हैं. स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीणों के सहयोग से मृतक के परिजनों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
घटना की सूचना पर मंगलवार को सुबह में रानीगंज पुलिस एसआइ देवेंद्र हांसदा व एनपी यादव सदल-बल मौके पर पहुंचे. परिजनों से घटना से संबंधित जानकारी लेने के बाद एसआइ ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मामले को लेकर रानीगंज थाना में यूडी कांड दर्ज किया गया है.
जानकारी अनुसार संबंधित पंचायत के वार्ड संख्या नौ निवासी पवन कुमार पासवान सोमवार की संध्या अपनी पत्नी रेणु देवी, 14 वर्षीय पुत्री सिटी कुमारी व 12 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के साथ दरवाजा पर बने टीन के घर में बैठे थे. इसी दौरान तेज हवा के साथ ही वर्षा होने लगी. आंधी की रफ्तार बढ़ता देख रेणु अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर आंगन स्थित निर्माणाधीन मकान में पलंग के नीचे छुप गयी. जबकि पवन दरवाजा पर ही सुरक्षित जगह बैठ गया. देखते ही देखते भीषण आंधी आयी और अचानक घर की दीवार गिर गयी. दीवार में दबने से सीटी व सौरभ की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं रेणु गंभीर रूप से घायल हो गयी.
हल्ला सुन कर पवन व अन्य परिजन मौके पर पहुंच कर मलबे से तीनों को बाहर निकाला. बच्चों की मौत से बेखबर परिजन ग्रामीणों के सहयोग से दोनों बच्चे व उसकी मां को रेफरल अस्पताल लेकर आये, जहां चिकित्सकों ने सीटी व सौरभ को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर स्थिति के कारण रेणू को सदर अस्पताल पूर्णिया रेफर कर दिया.
आंधी में दीवार गिरने से भाई व बहन की मौत, मां की हालत नाजुक
बेलसरा गोठ में हुआ हादसा, प्रकृति के प्रकोप से ग्रामीण स्तब्ध
घटना को ले मामला दर्ज, मौके पर पहुंचे अंचलाधिकारी ने कहा मिलेगा मुआवजा
