सूचिका व मृतका पुत्र को सुरक्षा के लिहाज से रखा गया है पुर्ननवा आश्रम में
अररिया : सगी बहन के हत्यारे भाई अब भी पुलिस पकड़ से बाहर है. बीते शनिवार की रात जमीन हड़पने की नीयत से विधवा बहन शरीफा खातून की हत्या कर सगे भाइयों ने रिश्ते को शर्मसार कर दिया. घटना नगर थाना क्षेत्र के देवरिया बाड़ीघाट टोला में हुई थी. मामले को लेकर मृतका शरीफा खातून की बहन जुलोसन उर्फ गुलशन के बयान में थाना में कांड दर्ज किया गया, लेकिन घटना के चार दिनों बाद भी पुलिस आठ नामजद अभियुक्तों में से किसी को गिरफ्तार नहीं कर पायी.
इधर, नामजद हत्यारोपियों ने दर्ज कांड की सूचिका मृतका की छोटी बहन जुलोसन के जान पर खतरा बढ़ा तो पुलिस ने उसे कब्जे में ले टिप इंडिया प्रोजेक्ट के पुर्ननवा आश्रम में सुरक्षा के लिहाज से रखा हुआ है. मृतका का नाबालिग पुत्र मो मजबूर भी पुर्ननवा में मौसी के साथ रखा गया है. पुलिस की यह अच्छी पहल है. पहले जान की सुरक्षा तब नामजदों की गिरफ्तारी, लेकिन सवाल उठता है कि आखिर हत्यारोपी कहां चला गया. संवेदनशील रिश्ते को कलंकित करने वाले नामजद आखिर अब तक कैसे खुली हवा में सांस ले रहा है. अपनी मां की हत्या का दर्द नाबालिग पुत्र मो मजबूर के दिल से भले ही ता उम्र नहीं हट पायेगा, लेकिन जान बचाने का खतरा शायद उसे परेशान कर रहा होगा.
नामजदों की गिरफ्तारी को ले पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. सभी नामजद घर छोड़कर फरार हो गया है. मामले को ले पुलिस कार्रवाई में जुटी है. जल्द हत्यारोपियों की गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
रमेश कांत चौधरी, नगर थानाध्यक्ष
