कुचहा बीओपी के जवानों ने भारत नेपाल सीमा पर चार मवेशी जब्त किया. इसके साथ ही दूसरी कार्रवाई में नेपाल ले जाने के क्रम में कपड़ा के साथ दो तस्करों को हिरासत में लिया.
सिकटी (अररिया) : प्रखंड के कुचहा पंचायत स्थित एसएसबी 52वीं बटालियन के कुचहा बीओपी के जवानों ने गश्ती के दौरान भारत नेपाल सीमा पर चार मवेशी जब्त किया. इसके साथ ही दूसरी कार्रवाई में नेपाल ले जाने के क्रम में साइकिल और कपड़ा जब्त करते हुए दो तस्करों को हिरासत में लिया. दोनों तस्कर को जब्ती सूची के साथ कस्टम कार्यालय फारबिसगंज को सौंप दिया. इस संबंध में सहायक उप निरीक्षक कुलदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार को अहले सुबह करीब चार बजे कुचहा बीओपी के जवान पीलर नंबर 155 के समीप नाका गश्ती कर रहे थे. इसी दौरान भारतीय क्षेत्र से पशु तस्कर चार मवेशी को सीमा पार नेपाल ले जा रहे थे
जवानों की आवाज सुनकर मवेशी तस्कर मवेशी छोड़ कर नेपाल में घुस गये. जवानों ने मवेशी को जब्त कर कैंप लाया. जबकि दूसरी कार्रवाई में गश्ती कर रहे जवानों ने दो आदमी को साइकिल पर लदे कपड़ों के गांठ के साथ पकड़ा जो भारत से नेपाल जा रहे थे. उनके पास पास कोई कागजात नहीं था. दोनों तस्करों को कपड़े के साथ कस्टम विभाग को सौंप दिया गया. मवेशी और कपड़ों की अनुमानित कीमत 90 हजार बतायी गयी है.
