बाबोसा महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर किया गया भजन संध्या का आयोजन
चित्रकला प्रतियोगिता में 170 स्कूली बच्चे हुए शामिल
अररिया : हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बालाजी बाबोसा महाराज का जन्मदिवस धूमधाम के साथ मनाया गया. स्थानीय मारवाड़ी पट्टी स्थित बालाजी बाबोसा महाराज के मंदिर में बुधवार की देर रात काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. बाबोसा भक्त मंडल के सदस्यों ने इस अवसर पर भजन संध्या का भी कार्यक्रम आयोजित किया. भजन संध्या में डुबरी असम से आये भजन गायक विकास पारीख द्वारा एक से बढ़ कर एक भजन की प्रस्तुति दी गयी.
देर रात चले भजन संध्या का श्रद्धालुओं ने भरपूर लुत्फ उठाया. भजन संध्या के बाद आयोजकों द्वारा भंडारा का भी आयोजन किया गया. इससे पूर्व बाबोसा महाराज के जन्मदिवस को लेकर छह लोगों द्वारा केक बनाया गया था. केक काटकर बाबोसा महाराज का जन्म दिन मनाया गया. कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न विद्यालयों के 170 छात्र-छात्राओं के बीच चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया. कार्यक्रम के उपरांत सफल प्रतिभागियों के बीच पुरस्कार का भी वितरण किया गया. ग्रुप ए के मानवी सिंह राजपूत, ग्रुप बी के ऋतु कुमारी को प्रथम पुरस्कार, ग्रुप ए के खुशी कुमारी व ग्रुप बी के मसूद आलम को द्वितीय पुरस्कार, ग्रुप ए के हर्ष कुमार व ग्रुप बी के सक्षम दुग्गड़ को तृतीय पुरस्कार दिया गया. चित्रकला प्रतियोगिता में शामिल अन्य छात्र-छात्राओं के बीच सांत्वना पुरस्कार आयोजकों द्वारा दिया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में बाबोसा भक्त मंडल अररिया का सराहनीय योगदान रहा.
