दुखद . बहन की थी शादी, लाउडस्पीकर को बिजली तार से जोड़ रहा था
युवक के बहन की 22 को थी शादी. शादी समारोह को लेकर लाउडस्पीकर का तार जोड़ने के क्रम में हाइटेंशन तार की चपेट में आ गया युवक.
भरगामा : मंगलवार की संध्या छह बजे जमुवान गांव में एक युवक की मौत करंट लगने से हो गयी. मृतक 21 वर्षीय अमित कुमार जमुवान निवासी दिवाकर मंडल का पुत्र था. जानकारी के अनुसार घटना उस वक्त घटी जब युवक लाउडस्पीकर को बिजली के तार से जोड़ रहा था. उसी दौरान वह हाइटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया. करंट लगने के बाद स्थानीय लोगों के द्वारा अमित को भरगामा अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पूर्णिया रेफर कर दिया था. बताया जाता है कि अस्पताल पहुंचते ही उक्त युवक ने दम तोड़ दिया.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार भरगामा पंचायत के जमुवान गांव निवासी अमित की छोटी बहन खुशबू की 22 जनवरी को शादी निर्धारित है. इसी को लेकर मंगलवार को महिलाओं द्वारा गीत आदि गाया जा रहा था.
गाने को ले लाउडस्पीकर का तार जोड़ने के लिए अमित पेड़ पर लाउडस्पीकर टांग कर 11 हजार के तार के ऊपर से तार टपा रहा था. इसी दौरान वह हाई टेंशन तार के संपर्क में आ गया. जिससे वह बुरी तरह झुलस गया. इधर, घटना को लेकर उसके घर पर मातमी सन्नाटा पसर हुआ है. लोगों का शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है. जिप सदस्य नीलम देवी, पूर्व जिप सदस्य सत्यनारायण यादव, मुस्ताक खां, अखिलेश्वर मंडल आदि ने घटना पर शोक व्यक्त किया है.
