माले-खेमस कार्यकर्ताओं ने रोकी ट्रेन

रहड़िया हत्याकांड . बंद को लेकर मुख्यालय व अन्य जगहों पर बढ़ा दी गयी थी चौकसी भूिम विवाद में दो लोगों की हत्या के विरोध में बुधवार को पार्टी माले व खेमस के नेताओं ने पूर्व की घोषणा के अनुसार, जिले में रेल व सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. सरकार विरोधी नारे लगाये. साथ ही […]

रहड़िया हत्याकांड . बंद को लेकर मुख्यालय व अन्य जगहों पर बढ़ा दी गयी थी चौकसी

भूिम विवाद में दो लोगों की हत्या के विरोध में बुधवार को पार्टी माले व खेमस के नेताओं ने पूर्व की घोषणा के अनुसार, जिले में रेल व सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. सरकार विरोधी नारे लगाये. साथ ही हत्यारों को गिरफ्तार कर कठोर सजा देने की मांग की.
अररिया : भरगामा थाना क्षेत्र के रहड़िया में भू-विवाद को लेकर दो कामरेड की हत्या से आक्रोशित माले कार्यकर्ताओं ने बुधवार को रेल रोका व एनएच 57 को जाम कर जम कर प्रदर्शन किया. इधर, पार्टी के पूर्व घोषित बंद को लेकर पहले से ही मुख्यालय व अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर पुलिस चौकसी बढ़ा दी गयी थी. दंडाधिकारी सत्येंद्र शर्मा व नगर थानाध्यक्ष आरके चौधरी की पहल पर जाम हटा. लगभग एक घंटा के बाद यातायात सामान्य हो सका. कामरेड सुशील कुमार विश्वास की अगुवाई में एनएच 237इ के गिदरया रेल गुमटी पर सैकड़ों माले कार्यकर्ताओं ने रेल संख्या 55755 को लगभग 20 मिनट तक रोके रखा. इस दौरान माले कार्यकर्ता जम कर नारेबाजी करते रहे.
अररिया आरएस ओपी अध्यक्ष प्रशांत कुमार, एसआइ आरएस प्रसाद के समझाने पर कार्यकर्ता रेल पटरी से हटे. तब रोकी गयी ट्रेन जोगबनी के लिए प्रस्थान कर सकी. इसके बाद माले समर्थक व कार्यकर्ता कृषि बाजार समिति यार्ड में इकट्ठा हुए. फिर कार्यकर्ताओं का हुजूम शहर के मुख्य मार्ग से गुजरते महादेव चौक पहुंचे. वहां माले कार्यकर्ताओं ने एनएच 57 को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया. विरोध के कारण करीब एक घंटे तक उक्त मार्ग पर यातायात पूर्णत: बाधित रहा. एनएच जाम कर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं व पार्टी नेताओं ने सभा को संबोधित किया. इस क्रम में पार्टी नेताओं ने राजद विधायक अनिल यादव के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज किये जाने की मांग की. इतना ही नहीं प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने मामले में फारबिसगंज डीएसपी व एसडीओ, रानीगंज थानाध्यक्ष की भूमिका की निष्पक्ष जांच करने की मांग रखी. इन अधिकारियों पर तरह-तरह के आरोप वक्ताओं ने अपने संबोधन में लगाया. हत्यारोपियों की गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित किये जाने के अलावा जांच के बाद फारबिसगंज डीएसपी, एसडीओ के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करने की मांग माले नेता कर रहे थे. विरोध कर रहे लोगों में महिलाओं की संख्या ज्यादा थी, जो स्थानीय भाषा में घटना की निंदा करते हुए दोषी लोगों के खिलाफ भद्दे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे. कार्यक्रम में मुख्य रूप से कामरेड भोला प्रसाद यादव, कन्हैया सिंह, बैजू मंडल, नवल किशोर, रामविलास यादव, वीणा देवी, पूजा कुमारी, दयाल साह, सरस्वती देवी, ललिता देवी, विजय मंडल, पिंकी देवी, सुनीता देवी, सदानंद साह सहित लगभग दो हजार महिला व पुरुष कार्यकर्ता शामिल थे. हाथ में पार्टी का झंडा थामे कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त था. दंडाधिकारी व नगर थानाध्यक्ष की पहल पर जाम समाप्त हुआ. मौके पर पुअनि किंग कुंदन, अशोक सिंह, पारितोष कुमार दास, हरेंद्र सिंह, एएसआइ अनिल कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस जवान मुस्तैद थे.
रेल रोक कर प्रदर्शन करते माले नेता. फोटो। प्रभात खबर
एनएच जाम कर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ता. फोटो। प्रभात खबर
बीते दिनों भरगामा थाना क्षेत्र के रहड़िया में भूमि विवाद के क्रम में भाकपा माले के दो नेताओं की हुई हत्या को जेपी विचार मंच ने मध्य युगीन बर्बरता बताते हुए घटना की उच्च स्तरीय जांच व दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में जारी प्रेस बयान में मंच के अध्यक्ष अजय अकेला ने कहा है कि भरगामा ही नहीं पूरे सीमांचल में भूमि विवाद के मामले बढ़ते जा रहे हैं. पिछले कुछ सालों में कई हिंसक झड़प हो चुकी हैं. अभी भी भूमि विवाद के कई मामले सुलग रहे हैं. लिहाजा ऐसे सभी विवादों का ससमय निदान बहुत आवश्यक है. मंच के अध्यक्ष श्री अकेला व सदस्य पूर्व जिला पार्षद एसएन यादव ने जिला प्रशासन से भूमि संबंधित आवश्यक कानूनी जानकारी लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था की मांग की है. साथ ही जमीन संबंधी असली व नकली दस्तावेजों को अलग करने के लिए राजस्व अधिकारियों के शिविर लगाने की भी जरूरत बतायी.
रहड़िया कांड में एक गिरफ्तार, जेल
भरगामा थाना क्षेत्र के रहड़िया में मछली मारने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में दो लोगों की हत्या के मामले में एससी-एसटी थाना कांड संख्या 01/17 दर्ज किया गया है. मामले में एससी-एसटी थानाध्यक्ष सीके टूड्डू ने रहड़िया निवासी स्वर्गीय अशर्फी के पुत्र कलानंद यादव को गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार कलानंद यादव अप्राथमिकी अभियुक्त है, जिसे न्यायालय के आदेश पर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >