भरगामा. भरगामा बाजार से कालाबाजारी का एक पिकअप चावल जब्त किया गया है. छापेमारी में एसडीओ फारबिसगंज अभय कुमार तिवारी के नेतृत्व में की गयी. छापेमारी में बीडीओ शशिभूषण सुमन, थानाध्यक्ष राजेश कुमार, एमओ गणेश कुमार व सशस्त्र बल मौजूद थे. बताया गया कि थाना क्षेत्र के भरगामा वार्ड संख्या 01 में पिकअप पर एसएफसी गोदाम का टैग लगा 90 बोरा चावल लदे होने कि सूचना मिली थी. एसडीओ के नेतृत्व में कि गयी छापामारी में चावल के साथ एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किया गया. साथ ही गोदाम को भी जब्त किया गया है. जिसे विधिवत जब्ती सूची बनाकर भरगामा थाना को सुपुर्द किया गया. मामले को लेकर एसडीओ अभय कुमार तिवारी ने बताया प्रथम दृष्टया मामला कालाबाजारी का है. गुप्त सूचना के आधार पर भरगामा थाना क्षेत्र के श्रीवास्तव टोला वार्ड संख्या 01 में आलोक भगत पिता नेवी भगत के गोदाम पर छापेमारी की गई. जिसमें पीडीएस गोदाम का 90 बैग चावल व एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किया गया. उन्होंने बताया कि चावल के बैग पर एस एफ सी गोदाम का टैग लगा हुआ है. उन्होंने बताया कि जब्ती सूची बनाकर भरगामा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
कालाबाजारी का 90 बोरा चावल जब्त
थाना में दर्ज कराया मामला
