नवगछिया के दो शातिर रानीगंज में गिरफ्तार
कटिहार, नवगछिया व अररिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में किया गिरफ्तार
दोनों अपराधी हैं सगे भाई, एक हत्या के मामले में व दूसरा अपहरण के मामले में है नामजद
अररिया : कुरसेला के पेट्रोल पंप मालिक भानु अग्रवाल की पुत्री स्पर्श अग्रवाल अपहरण मामले में कुख्यात अंतरजिला अपराधी व हत्या के मामले में कुख्यात को कटिहार, नवगछिया व अररिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मंगलवार को रानीगंज थाना क्षेत्र के पचीरा गांव से गिरफ्तार किया. गिरफ्तार अपराधी संजय सिंह व अंजय सिंह पिता कौशल किशोर सिंह नवगछिया जिले का कुख्यात अपराधी माना जाता है. नवगछिया पुलिस दोनों की तलाश कई महीनों से कर रही थी. दोनों फरार चल रहे थे. जानकारी के अनुसार दोनों गिरफ्तार कुख्यात अपराधी सगे भाई हैं.
जमीन लीज पर लेकर कर रहे थे सब्जी की खेती
इन दिनों वे रानीगंज थाना क्षेत्र के पचीरा पंचायत के कजरा गांव में किसानों की जमीन लीज पर लेकर सब्जी की खेती कर रहे थे. नवगछिया पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के पचीरा पंचायत में रह रहे हैं. रानीगंज थानाध्यक्ष सह पुनि अश्विनी कुमार सिंह ने इसका सत्यापन किया तो मामला सही पाया गया. इसी सत्यापन के आधार पर व गुप्त सूचना पर तीनों जिले के पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपराधी को धर दबोचा. पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार पोरिका ने यह जानकारी देते हुए बताया कि स्पर्श अग्रवाल अपहरण की घटना को अंजाम देने के बाद अंजय सिंह फरार चल रहा था. जबकि संजय सिंह नवगछिया के परबत्ता थाना कांड संख्या 59/15 में दर्ज एक हत्या के मामले का नामजद अभियुक्त है. मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसके छिपे होने की जानकारी मिली. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी को नवगछिया पुलिस अपने साथ ले गयी. इस गिरफ्तारी अभियान का नेतृत्व रानीगंज थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार ने किया. छापामारी दल में कटिहार जिले के कोढ़ा थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार पासवान व नवगछिया के थानाध्यक्ष संजय कुमार सुधांशु के अलावा कटिहार जिले के कई थानों के थानाध्यक्ष सहित पुलिस जवान शामिल थे. बताना लाजिमी होगा कि बीते तीन जुलाई को व्यवसायी भानु अग्रवाल की छह वर्षीय पुत्री स्पर्श अग्रवाल का अपहरण हुआ था. जिसे कड़ी मशक्कत के बाद नेपाल पुलिस की मदद से आठ जलाई 2016 को नेपाल के विराटनगर से बरामद किया गया था.
