टेक्निकल मैनेजर सहित सहायक टेक्निकल मैनेजर के खाली कुल 36 पदों में 18 पदों पर कर्मियों ने हाल में अपना योगदान दिया है.
अररिया : जिला कृषि विभाग के तकनीकी पदों पर कर्मियों के बहाल होने से कृषि संबंधी गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद बढ़ गयी है. स्वीकृत तकनीकी पदों के लिहाज से कर्मियों के अभाव की समस्या विभाग लंबे समय से झेल रहा था. इस कमी को कुछ हद तक दूर कर लिया गया है. जिले के नौ प्रखंडों में खाली ब्लॉक टेक्निकल मैनेजर सहित सहायक टेक्निकल मैनेजर के खाली कुल 36 पदों में 18 पदों पर कर्मियों ने हाल में अपना योगदान दिया है.
मालूम हो कि जिले के नौ प्रखंडों में बीटीएम के नौ पद स्वीकृत हैं. साथ ही एक प्रखंड में एटीएम के तीन पदों के लिहाज से कुल 27 स्वीकृत पद हैं. जानकारी मुताबिक बीटीएम के 9 पदों में छह पदों पर कर्मियों ने अपना पदभार ले लिया है. साथ ही विभिन्न प्रखंडों में कुल मिला कर 12 एटीएम को भी पदभार सौंप दिया गया है. जिला कृषि पदाधिकारी शिवदत्त सिन्हा के मुताबिक रिक्त पदों की सूची राज्य सरकार को भेज दी गयी है. जल्द ही कर्मियों के बहाल होने का भरोसा उन्होंने दिया. जिले के नौ प्रखंडों में रानीगंज, पलासी व सिकटी प्रखंड में प्रखंड तकनीकी मैनेजर के पद अब भी रिक्त हैं. फिलहाल भरगामा, जोकीहाट व कुर्साकांटा में प्रतिनियुक्त बीटीएम को क्रमश: उक्त प्रखंडों का प्रभार सौंपा गया है.
कृषि तकनीक के विकास में बीटीएम की भूमिका महत्वपूर्ण
किसानों को नये कृषि तकनीक से अवगत कराना प्रखंड तकनीकी मैनेजर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है. प्रखंड में कार्यरत बीटीएम विभिन्न कृषक समूह के आधार पर किसानों को जरूरी तकनीकी मदद उपलब्ध करायेंगे. अन्न उत्पादक, पशु पालक, सब्जी उत्पादक, मशरूम उत्पादक सहित अन्य कृषक समूह के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भी बीटीएम के माध्यम से होना है. इसके अलावा इन समूहबद्ध किसानों को अपने उत्पाद से जुड़ी नवीनतम शोध, तकनीक व अन्य जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कृषि अनुसंधान में जुटे विभिन्न महत्वपूर्ण राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय संस्थानों से जोड़ कर किसानों को विशिष्ट रूप से प्रशिक्षित कर उत्पादकता को बढ़ाना बीटीएम के महत्वपूर्ण कार्यों में
शामिल हैं.
