एक दिन पूर्व चौरा परवाहा में प्रेमी युगल को सिर मुड़ा कर गांव घुमाया था
फारबिसगंज : फारबिसगंज थाना क्षेत्र के चौरा परवाहा वार्ड 15 भागकोहेलिया में पंचों के द्वारा प्रेमी युगल जोड़ी को सिर मुड़वा कर गांव भ्रमण कराने मामले में नया मोड़ आ गया है. रविवार की देर शाम पीडित प्रेमी युगल 55 वर्षीय मों युसुफ एवं 45 वर्षीय काल्पनिक नाम सुलेखा ने थाना पहुंच कर आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. दिये गये आवेदन में पीडित जोड़ी ने बताया है कि उन दोनों ने विगत 16 अगस्त को अररिया न्यायालय में कोर्ट मैरेज भी किया एवं निकाह भी की.
इसके बाद जब वे गांव पहुंचे तो गांव में पंचायत हुई. गांव के डा शमशुल के नेतृत्त्व में गठित 11 पंचों ने तुगलकी फ़रमान सुना कर सिर मुड़वा कर अपमानित करते हुए सारा गाँव घुमाया. पीड़ित ने आवेदन देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. इधर, मामले में आवेदन देने के बाद हड़कंप है. घटना के संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार साहा ने बताया कि पीडित प्रेमी युगल जोड़ी के द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच के बाद दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
