कुर्साकांटा (अररिया) : कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के महेशखूंट वार्ड संख्या 05 में सेवानिवृत्त शिक्षक के घर रविवार की रात हथियार से लैस अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया. अपराधियों ने सेवानिवृत्त शिक्षक रामकृष्ण यादव के घर से तीन लाख रुपये नकद व सोने चांदी के जेवरात सहित लगभग पांच लाख रुपये का सामान […]
कुर्साकांटा (अररिया) : कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के महेशखूंट वार्ड संख्या 05 में सेवानिवृत्त शिक्षक के घर रविवार की रात हथियार से लैस अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया. अपराधियों ने सेवानिवृत्त शिक्षक रामकृष्ण यादव के घर से तीन लाख रुपये नकद व सोने चांदी के जेवरात सहित लगभग पांच लाख रुपये का सामान लूट लिया. घटना की सूचना मिलने पर कुर्साकांटा थानाध्यक्ष व ताराबाड़ी थानाध्यक्ष सदलबल घटनास्थल पहुंचे व घटना की जानकारी ली.
जानकारी मिलने पर एसडीपीओ केडी सिंह भी सोमवार को महेशखूंट पहुंचे व पीड़ित गृहस्वामी से घटना की जानकारी ली. पीड़ित सेवानिवृत्त शिक्षक ने बताया कि रविवार की रात खाना खाकर वे जैसे ही चापाकल पर पानी लेने गये इसी दौरान हथियार से लैस चार अपराधियों ने उन्हें बंधक बना लिया. अपराधियों ने उनके हाथ-पैर लूंगी से पीछे कर बांध दिया और गली में स्थित शौचालय के पास उन्हें ले जाकर उनसे रुपयों की मांग करने लगे. अपराधियों द्वारा आलमीरा की चाबी की मांग की गयी.
अपराधियों के भय दिखाने पर उसने बता दिया कि अलमीरा में साढ़े तीन लाख रुपये हैं. इस बात पर अपराधी आक्रोशित होकर पूछने लगे कि उन्हें सूचना है कि आलमीरा में सात लाख रुपये रखे हैं. अपराधी द्वारा बगैर कोई देरी किये आलमीरा से साढ़े तीन लाख रुपये
सेवानिवृत्त शिक्षक के…
निकाल लिया गया. वहीं दूसरे कमरे के आलमीरा से 15 भरी चांदी के गहने, कपड़ा व नतिनी की शादी को लेकर रखा कांसा व फूल का बर्तन, सोनी कंपनी का 24 इंच का एलइडी टीवी लूट लिये. उन्होंने बताया कि अपराधी घटना को अंजाम देकर भाग निकले. उन्होंने बताया कि अपराधी संभवत: घर की दक्षिण दिशा में स्थित दीवार से सटे पेड़ के माध्यम से अंदर आये थे. गृहस्वामी ने बताया कि चारों अपराधियों के चेहरे पर पट्टी बंधी थी. सभी अपराधी कम उम्र के लग रहे थे. एक अपराधी का चेहरा खुला था, जिसके चेहरे पर दाढ़ी थी, जो लगभग 40 से 45 वर्ष का रहा होगा. गृहस्वामी को पुत्र नहीं है. उन्हें केवल एक पुत्री है वह भी अपने ससुराल में रहती है.
घटना के समय केवल गृहस्वामी ही घर में थे. इधर, डकैती की सूचना पर पीड़ित व्यक्ति के घर सोमवार को ग्रामीणों का तांता लगा रहा. डकैती की घटना से हतप्रभ पूर्व जिला परिषद सदस्य बैद्यनाथ मिश्र ने उक्त डकैती की घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक अररिया से श्वान दस्ता द्वारा जांच कर घटना के खुलासा करने की मांग की है. डकैती की सूचना पर मुखिया ललन ततमा, पूर्व सरपंच सुनील कुमार यादव, अरुण यादव, जयनारायण यादव, मिथिलेश मिश्र, जयकृष्ण यादव, रामानंद यादव, दुखनलाल यादव, संजय मंडल समेत दर्जनों ग्रामीण पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी. इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है.
कहते हैं एसडीपीओ
उक्त मामले में एसडीपीओ केडी सिंह ने बताया कि अपराधी के घर में प्रवेश करने का कोई सुराग नहीं मिल सका है. पुलिस अलग-अलग तरीके से कांड का उद्भेदन में लगी है. उन्होंने बताया कि शीघ्र ही मामले का उद्भेदन कर लिया जायेगा. अपराधियों की गिरफ्तारी भी होगी.