ससुराल पक्ष के पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज
कुर्साकांटा : बहन के साथ ससुराल वालों द्वारा मारपीट कर प्रताड़ित करने व कहीं गायब कर देने के मामले में बलचंदा वार्ड संख्या 06 निवासी मो रुस्तम पिता स्व हेफाजउद्दीन ने ससुराल वालों के विरुद्ध कुर्साकांटा थाना में दर्ज कराया है. प्राथमिकी आवेदन में आशंका जतायी गयी है कि ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गयी है और उसके शव को छिपा दिया गया है.
मो रूस्तम ने बताया कि उसकी बहन बीवी फातिमा की शादी गांव में ही सात वर्ष पूर्व मो सफ्फो पिता मो गफ्फार के साथ करायी थी. शादी के बाद कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था. बाद के दिनों में दोनों पति पत्नी के बीच संबंध में खटास आने लगा.
इसके बाद पति सहित उसके ससुराल वालों द्वारा उसके साथ अक्सर मारपीट किया जाने लगा. इसको ले कई बार पंचायत भी की गयी. लेकिन ससुराल वाले इसके बावजूद उसके साथ मारपीट करते रहे और मानसिक तौर पर प्रताड़ित करते रहे. बताया जाता है कि वह अपने ससुराल से गत पांच अक्तूबर 2017 से ही गायब है.
पास पड़ोस व रिश्तेदारों के घर भी खोजबीन की गयी पर उसका कोई पता अब तक नहीं चला है. भाई मो रूस्तम ने आशंका जतायी है कि ससुराल वाले उसे मार कर कहीं फेंक दिये हैं.
नामजद अरोपितों में पति मो गफ्फार, ससुर मो सफ्फो, देवर मो जब्बार, सास बीवी साहिला खातून व देवरानी रूबी खातून शामिल हैं. इस बाबत थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
