विभिन्न करबला मैदानों पर पहुंचा ताजिया जुलूस
अररिया : अरबी कैलेंडर के पहले महीना मुहर्रम की दसवीं तारीख यानी यौमे आशूरा के दिन रविवार को जिले में भर में मुहर्रम कुल मिला कर शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया. वैसे जिले के जोकीहाट प्रखंड से कुछ छिटपुट अप्रिय घटनाओं की खबर भी है.
इसी क्रम में अररिया शहर में भी विभिन्न अखाड़ों द्वारा रविवार के अपराह्न ताजिया जुलूस निकाला गया. गाछी टोला, रहिका टोला, जागीर टोला, ककोड़वा बसंतपुर, सिसौना व बंगाली टोला से निकाला गया अखाड़ा चांदनी चौक पर जमा हुआ. चांदनी चौक पर घंटे डेढ घंटे तक ताजिया जुलूस में शामिल लोगों ने लाठियां खेल कर अपने कला का प्रदर्शन किया. वहीं चांदनी चौक के बाद ताजिया जुलूस का काफिला स्थानीय टाउन हॉल में बने अस्थायी करबला मैदान पहुंचा. वहां भी लोग घंटों करतब दिखाते रहे.
करबला मैदान के इर्द गिर्द मेले जैसा दृश्य था. दर्जनों की संख्या में खिलौनों, मिठाई, आइसक्रीम, बैलून व अन्य खान पान की दुकानें सजी थी. दुकानों पर बड़ी तादाद में बच्चे मेले का लुत्फ उठाते नजर आये. वहीं बताया गया कि बैरगाछी, रजोखर, खरैया बस्ती व पटेगना पलासी आदि में भी पैगंबर हजरत मोहम्मद के नवासे हजरत मामाम हुसैन की शहादत की याद में रविवार को मुहर्रम मनाया गया.
बताया गया कि मुहर्रम महीना में अमूमन मुसलिम भाई बहन नवीं व दसर्वी तारीख को रोजा भी रखते हैं. हजरत इमाम हुसैन व शाहीदाने कर्बला की याद में मनाये जाने वाले मुर्हरम त्योहार के दशवीं को यौमे आसुरा के मौके पर रविवार को फारबिसगंज शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में ताजिया जुलूस निकाला गया. शहर के महत्वपूर्ण अखाड़ा दरभंगिया टोला, पोखर बस्ती, आलम टोला, दल्लु टोला, कादरी टोला, गुदरी मुहल्ला, फुलवरिया हाट, धत्ता टोला, शायरा नगर सहित अन्य अखाड़ा बारी-बारी से विभिन्न मार्गों से होकर जुम्मन चौक पहुंचे. इसके बाद सभी अखाड़ा एक साथ सुभाष चौक, मार्केटिंग यार्ड, पोस्ट ऑफिस चौक, सदर रोड, स्टेशन चौक, बड़ा शिवालय रोड व दरभंगिया टोला से होकर दस आना कचहरी रण पर पहुंचा. जहां कुढैली सहित अन्य कई अखाड़ा आपस में मिलने के बाद अपने पारंपरिक हथियारों से एक से बढ़ कर एक करतब दिखाया. इमाम हुसैन सहित शहीदाने कर्बला की याद में मर्सिया गाया गया. इस दौरान सभी अखाड़ा अपने-अपने ताजिया के साथ दस आना कचहरी रण पर ही रूके रहे. दोपहर बाद ऐतिहासिक मीर कचहरी, ढोलबज्जा सहित अन्य अखाड़ा के वहां पहुंचने के बाद ताजिया का मिलान करते हुए सभी अखाड़ा काली मेला के समीप स्थित ऐतिहासिक कर्बला ईदगाह मैदान के लिये रवाना हुए.
सभी अखाड़ा एक साथ दस आना कचहरी से पटेल चौक, राममनोहर लोहिया पथ, बस स्टैंड, रेफरल मोड़, काली मेला रोड से गुजरते हुए ऐतिहासिक कर्बला ईद गाह मैदान पहुंचा. ईदगाह के मैदान में प्रवेश से पूर्व भजनपुर, रामपुर उत्तर, रामपुर दक्षिण, मटियारी सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्र का अखाड़े के साथ ताजिया मिलान कर कर्बला के मैदान में प्रवेश किया. ताजिया जुलूस में लगभग 40 अखाड़ा शामिल थे. जिस मार्ग से होकर जुलूस गुजरता ताजिया वहां लोगों के आकर्षण के केंद्र में होता.
ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के पटेगना, पलासी, मदनपुर ओपी क्षेत्र के रामपुर, बोची, बैरगाछी ओपी अंतर्गत बैरगाछी में शांतिपूर्ण माहौल में रविवार को मुहर्रम मनाया गया. ताराबाड़ी थानाध्यक्ष प्रभाकर भारती मदनपुर ओपी अध्यक्ष राम अयोध्या राम सदल बल मुस्तैद दिखे. जिले के अन्य हिस्से पलासी, सिमराही आदि स्थानोें पर साैहार्दपूर्ण तरीके से मुहर्रम् का त्योहार मनाया गया ़ जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम भाई शामिल हुये
