मुआवजा दिलाने के नाम पर गरीबों से की जा रही है वसूली
मुख्य पार्षद ने डीएम से की शिकायत
अररिया : बाढ़ समाप्त होते ही बाढ़ का मुआवजा दिलाने वाले बिचौलिये अब सक्रिय हो गये हैं. ये बिचौलिये शहर से लेकर गांव तक सक्रिय हो गये हैं. शहरी क्षेत्र में इन बिचौलियों के सक्रिय होने की मिल रही जानकारी के बाद नगर परिषद के मुख्य पार्षद रितेश राय ने डीएम को पत्र लिख कर ऐसे तत्वों को चिह्नित करवा कर कार्रवाई की मांग की है. अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि उन्हें ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि बाढ़ की मार झेल रहे बाढ़ पीड़ितों को सरकार से मुआवजा दिलाने के नाम पर विभिन्न संस्थाओं व व्यक्तियों द्वारा अवैध तरीके से पैसा वसूल किया जा रहा है. इस पर रोक लगाना जरूरी है.
साथ ही साथ उन्होंने अपने पत्र के माध्यम से डीएम से अनुरोध किया है कि ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाय. इसके अलावा अखबार व अन्य माध्यम से लोगों को सतर्क कराया जाय ताकि वे ऐसे गिरोह के चंगुल में ना फंसें. उन्होंने डीएम से अनुरोध किया है कि नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत बाढ़ पीड़ितों की सूची प्रशासनिक स्तर से सर्वे करा कर तैयार कराया जाये.
