गिरफ्तार टुनटुन पहले भी अन्य आपराधिक मुकदमा में जा चुका
है जेल
कुर्साकांटा : कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के कमलदाहा वार्ड संख्या चार में मंगलवार की देर रात पानी निकासी को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष की ओर से चार से पांच चक्र गोली चलायी गयी. इससे दूसरे पक्ष के मो कैयूम (40 वर्ष) के बायें पैर के जांघ में गोली लग गयी. घायल मो कैयूम को परिजनों द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुर्साकांटा लाया गया. जहां प्राथमिकी उपचार किये जाने के बाद चिकित्सक ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर कर दिया.
सदर अस्पताल अररिया में घायल कयूम ने पुलिस के समक्ष बयान दिया. उसने अपने बयान में कहा है कि पानी निकासी को लेकर टुनटुन उर्फ माजुद्दीन द्वारा गाली गलौज किया जाने लगा. मना करने पर उसने कहा कि आज तुम्हारा काम तमाम कर देते हैं. इतना कहते ही आरोपी अपने घर से अवैध पिस्टल निकाल कर लाया और जान मारने की नीयत से उस पर गोली चला दी, जो उसके जांघ में लगी. इससे वह जख्मी हो गया. सूचना पर पहुंची कुर्साकांटा पुलिस ने मौके से घटना के मुख्य आरोपी टुनटुन उर्फ माजुद्दीन को मौके से गिरफ्तार कर लिया. इधर घायल द्वारा अस्पताल में दिये बयान को लेकर चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इसमे टुनटुन उर्फ माजुद्दीन के अतिरिक्त दो अन्य भाई मुन्ना व नदीम आलम और बबलू (पिता-उरफान) शामिल हैं.
आरोपित के विरूद्ध हैं कई मामले
इधर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित का आपराधिक मामले में संलिप्तता रही है. उक्त आरोपी के विरुद्ध कुर्साकांटा, सिकटी, ताराबाड़ी, सहित अन्य जिलों के थानों में दर्जनों लूटपाट, हत्या, राहजनी सहित अन्य मामले दर्ज हैं. थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को बुधवार को पुलिस अभिरक्षा में न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया है. वहीं अन्य आरोपितों की धड़-पकड़ को लेकर छापामारी अभियान तेज करने की बात कही. ज्ञात हो कि उक्त घटना के आरोपित के विरुद्ध कुर्साकांटा थाना में हत्या सहित चोरी का स्कॉर्पियो बेचे जाने को लेकर कुर्साकांटा पुलिस जेल भेज चुकी है. इधर अचानक हुई गोलीबारी से ग्रामीण दहशत में हैं.
