दो पक्षों में झड़प, बमबाजी फायरिंग, छह घर राख

मवेशी व्यापारियों के बीच वर्चस्व को लेकर हुई झड़प दोनों ओर से एक दर्जन लोग घायल पुलिस ने स्थिति को किया नियंत्रित, पूर्व मुखिया सहित छह गिरफ्तार नरपतगंज(अररिया) : प्रखंड के गढ़िया गांव में बुधवार की सुबह दो पक्षों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गयी. इस दौरान […]

मवेशी व्यापारियों के बीच वर्चस्व को लेकर हुई झड़प

दोनों ओर से एक दर्जन लोग घायल
पुलिस ने स्थिति को किया नियंत्रित, पूर्व मुखिया सहित छह गिरफ्तार
नरपतगंज(अररिया) : प्रखंड के गढ़िया गांव में बुधवार की सुबह दो पक्षों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गयी. इस दौरान दोनों ओर से गोली चली और बम बरसाये गये. इससे एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों का इलाज अनुमंडल अस्पताल फारबिसगंज में चल रहा है. घटना के दौरान बम फटने से अफरा-तफरी का माहौल हो गया. इससे लगभग आधा दर्जन घरों में आग लग गयी. इस घटना के बाद लोग दहशत में आ गये. इस दौरान दो राउंड गोली चलने की भी बात ग्रामीणों ने कही है.
घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर नरपतगंज थाना पुलिस पहुंची पर दोनों पक्षों के आक्रोश को देखते हुए उन्हें वापस लौटना पड़ा. इस घटना की जानकारी नरपतगंज थानाध्यक्ष ने डीएसपी फारबिसगंज को दी. सूचना पर फारबिसगंज के एसडीओ अनिल कुमार व डीएसपी अजीत कुमार सिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे. आग लगने की सूचना पर दमकल को बुलाया गया और आग पर काबू पाया गया. इस घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व मुखिया अमिनुद्दीन सहित छह लोगों को हिरासत में लिया गया.
लाइन मिलने की बात कह गाड़ी रोकी, शुरू हुआ विवाद : गढ़िया निवासी उमर फारुक व अफरोज में कई माह से मवेशी व्यवसाय में अवैध वसूली को ले विवाद चल रहा था. इस मामले को ले कई बार पंचायती भी हुई थी. लेकिन मामले का समाधान नहीं हो पाया. इसके बाद ग्रामीण दो पक्षों में बंट गये. बुधवार की सुबह उमर फारुक का मवेशी पिकअप पर जा रहा था. इसी दौरान गढ़िया के पास ही लाइन मिलने की बात कहते हुए अफरोज ने गाड़ी को रोक दिया. इसमें दोनों पक्षों में विवाद उत्पन्न हो गया. जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया. दोनों पक्षों में जम कर मारपीट हुई.
दो पक्षों में झड़प…
घटनास्थल पर बम फटने से अफरा-तफरी मच गयी. लोग दहशत में आ गये. बमबाजी के साथ गोली भी चली. दोनों ओर से पत्थरबाजी भी की गयी. इसके साथ ही लोगों ने घर में आग लगा दिया. इसमें आधा दर्जन घर राख हो गये. एक दर्जन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये. इस कांड में हबीबुल्लाह का तीन घर, मो अब्दुलगणी का एक घर,
रहमान का एक घर सहित पांच घर राख हो गया. दोनों पक्षों से समशा खातून, शाहनवाज उर्फ कैला, सबिला खातून, अब्दुल रहमान, शेरा बानो सहित एक दर्जन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये. जिसे प्रशासन ने गंभीर स्थिति में फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भरती कराया. जहां समशा व नजीर की स्थिति गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद नरपतगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम जैसे ही घटनास्थल पर पहुंची कि भीड़ ने उसे भी खदेड़ दिया.
तब मामले की जानकारी वरीय पदाधिकारी को दी गयी. जानकारी मिलते ही एसडीओ अनिल कुमार, डीएसपी अजीत कुमार सिंह, फारबिसगंज थानाध्यक्ष मुकेश कुमार साहा, नरपतगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार, सिमराहा थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, फुलकाहा थानाध्यक्ष श्यामनंदन यादव, घूरना के अखिलेश कुमार, बथनाहा के अखिलेश्वर कुमार, बसमतिया के सदानंद साह सहित दर्जनों पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया.
त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व मुखिया सहित छह व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया. घटनास्थल पर पुलिस तैनाती कर दी गयी है. मामले को लेकर डीएसपी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि दो पक्षों में वर्चस्व की लड़ाई में घटना घटी है. अवैध वसूली मामले की बात से इनकार करते हुए कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है. हाइवे पर किसी प्रकार का वसूली गंभीर मामला है. जांच में बात यदि सामने आती है तो कड़ी कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.
जांच करायेंगे, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार पोरिका ने गोली चलने की बात से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि देशी बम फटा है. उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष एक साथ मवेशी का कारोबार करते थे. लाइन देने की बात उनके संज्ञान में नहीं है. इस बात की चर्चा उन्हें भी सुनने को मिल रही है. इसकी वे जांच करायेंगे कि किसकी ओर से लाइन दिया गया था या फिर इसका दुष्प्रचार किया गया था. दोनों पक्षों से तीन-तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है. डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस घटना स्थल पर कैंप किये हुए है. स्थिति नियंत्रण में है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >