Bihar Oil Mill Subsidy: बिहार में तेल और तिलहन से जुड़ा कारोबार शुरू करने वालों के लिए अच्छी खबर है. राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन के तहत राज्य में ऑयल प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए सरकार की ओर से अनुदान दिया जा रहा है. फाइनेंसियल ईयर 2026-27 में जहानाबाद जिले में एक तेल मिल लगाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए 15 अगस्त से आवेदन शुरू हो चुके हैं और इच्छुक लोग 15 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं.
जहानाबाद में खुलेगी तेल मिल की एक इकाई
बिहार कृषि विभाग ने राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन को जमीन पर लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके तहत राज्य के अलग-अलग जिलों के लिए तेल प्रसंस्करण इकाई लगाने का लक्ष्य तय किया गया है. जहानाबाद जिले में भी एक तेल मिल स्थापित की जानी है.
जिले के इच्छुक लोग कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करके इस योजना का लाभ ले सकते हैं. सरकार का उद्देश्य गांव और स्थानीय स्तर पर तेल-तिलहन का काम बढ़ाना और किसानों की आमदनी बढ़ाने में मदद करना है.
तेल मिल लगाने पर सरकार देगी अनुदान
इस योजना के तहत ऑयल प्रोसेसिंग यूनिट लगाने पर परियोजना की लागत का 33 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा. 10 टन क्षमता वाली ऑयल प्रोसेसिंग यूनिट के लिए अधिकतम 9.90 लाख रुपये तक की मदद का प्रावधान है.
योजना के तहत तेल मिल लगाने की कुल लागत 25 लाख रुपये बताई गई है. अनुदान की राशि योजना के तय नियमों के अनुसार दी जाएगी. इससे इच्छुक समूहों और संस्थाओं को तेल प्रसंस्करण का काम शुरू करने में आर्थिक मदद मिलेगी.
इन लोगों को मिलेगा योजना का लाभ
कृषि विभाग ने बताया कि इस योजना के लिए किसान उत्पादक समूह यानी एफपीओ या वीसीपी आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा तिलहन प्रसंस्करण के काम से जुड़े पंजीकृत नए कारोबार और सहकारी समितियां भी आवेदन कर सकती हैं.
सरकार का मकसद जिले में तेल और तिलहन से जुड़े काम को बढ़ावा देना है. इससे किसानों को अपनी उपज के लिए स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण की सुविधा मिलने के साथ उनकी आमदनी बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है.
आवेदन के समय ये कागज जरूरी
योजना के लिए आवेदन करते समय आवेदक को कुछ जरूरी कागज वेबसाइट पर जमा करने होंगे. इनमें योजना से जुड़ी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी डीपीआर, आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, बैंक से कर्ज की मंजूरी और संस्था का पंजीकरण प्रमाण पत्र शामिल है. इन सभी कागजों को ऑनलाइन आवेदन के दौरान वेबसाइट पर अपलोड करना होगा. इसलिए आवेदन करने से पहले सभी जरूरी कागज तैयार रखना बेहतर होगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
15 सितंबर तक करना होगा आवेदन
इस योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया 15 अगस्त से शुरू हो चुकी है. इच्छुक आवेदक 15 सितंबर तक कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. विभाग की ओर से किसानों और संबंधित संस्थाओं से तय समय के अंदर आवेदन पूरा करने की अपील की गई है, ताकि योजना का लाभ लिया जा सके.
इस योजना में जमीन खरीदने और शेड या भवन बनाने पर होने वाला खर्च अनुदान की गणना में शामिल नहीं किया गया है. यानी तेल मिल के लिए जमीन खरीदने और भवन या शेड बनाने का खर्च आवेदक को खुद उठाना होगा. जिला कृषि विभाग ने बताया कि फाइनेंसियल ईयर 2026-27 में जहानाबाद का ऑयल प्रोसेसिंग यूनिट के लिए चयन होना जिले के किसानों और कारोबार से जुड़े लोगों के लिए अच्छा मौका है.
इसे भी पढ़ें: 999 रुपये देकर लगाएं सोलर पैनल, पांच साल में आसान किस्त से चुकाएं पैसा, जानें पूरी योजना
