गड़खा (सारण).
मानपुर-गड़खा मुख्य मार्ग स्थित अवतार नगर थाना क्षेत्र के बसंत पकवा इनार के पास ग्रामीणों ने घंटों सड़क जाम किया और टायर जला कर अपने गुस्से का इजहार किया. अवतार नगर थाने के रतनपुरा गांव निवासी सेवानिवृत्त एचएम जयनाथ उपाध्याय को बुधवार के दिन उन्हीं के विद्यालय के एक शिक्षक द्वारा घर पर बुला कर पूजा का प्रसाद कह उसमें जहर मिला खिला दिया था. इससे उनकी मृत्यु पीएमसीएच में इलाज के दौरान हो गयी. घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों एवं ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस के आलाधिकारी को बुलाने की मांग की. सूचना के बाद गड़खा थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने जाम स्थल पर पहुंच लोगों को समझाया, लेकिन वे नहीं हटे. मृतक के परिजन द्वारा मांग की जा रही थी कि नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी जल्द की जाये. दिघवारा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने गये लोगों से बदसलूकी की गयी. वहीं, दिघवारा पीएचसी में समुचित इलाज एवं सुविधा नहीं था. जाम के घंटों बाद एसडीपीओ मनीष कुमार जामस्थल पर पहुंच लोगों की मांग सुनते हुए 24 घंटे के अंदर अभियुक्त की गिरफ्तारी करने तथा थानाध्यक्ष पर कार्रवाई करने की आश्वासन दिया. एसडीपीओ के आश्वासन पर लोगों ने आठ घंटा बाद जाम हटाया. वहीं, स्वतंत्रता सेनानी फिरंगी सिंह जयंती समारोह में जा रहे विधानसभा के उपसभापति सलीम परवेज, पूर्व मंत्री जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने भी जाम हटाने में पहल की. वहीं, इस घटना से मृतक की पत्नी परमशिला देवी, पुत्र सुरेंद्रनाथ उपाध्याय, संजीत उपाध्याय और परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ था.
