छपरा (सारण).
जिले के जलालपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय सगड्डी में बुधवार की दोपहर के समय मध्याह्न् भोजन योजना के तहत बनी खिचड़ी खाने से लगभग एक दर्जन छात्र बीमार हो गये, जिनमें दो का उपचार छपरा सदर अस्पताल में हो रहा है, जबकि दो छात्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर में भरती कराया गया है. सदर अस्पताल में भरती छात्रों में अजय महतो की छह वर्षीय पुत्री सलोनी कुमारी और शत्रुघA महतो का पुत्र जयगोविंद महतो शामिल है. इसी तरह जलालपुर पीएचसी में निरंजन कुमार और प्रीति कुमारी का उपचार चल रहा है. छात्रों के बीमार होने की खबर मिलते ही शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गयी. अस्पताल प्रशासन पूरी तरह सजग हो गया, जबकि आनन-फानन में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ललन महतो पहले स्कूल पहुंचे और बाद में अस्पताल आये. सूचना मिलने के बाद सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ शंभुनाथ सिंह ने अस्पताल पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और बीमार छात्रों की जांच की. अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ दीपक कुमार ने बताया कि भरती छात्रों अभिभावकों द्वारा उल्टी करने की शिकायत की गयी है. प्रथम दृष्टया जांच में जहरीले भोजन का कोई लक्षण नहीं मिला है. दोनों छात्रों की स्थिति सामान्य है. फिलहाल उपचार चल रहा है. कुछ अन्य छात्रों को उपचार के लिए प्राइवेट चिकित्सालयों में ले जाया गया है, जिसकी विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है. सदर अस्पताल में भरती सलोनी कुमारी की मां किसमतिया देवी ने बताया कि कुछ छात्रों ने आकर घर पर यह जानकारी दी की उनकी पुत्री खिचड़ी खाने से बीमार हो गयी है, तो आनन-फानन में जाकर उसे स्कूल से लाकर उसे अस्पताल में भरती कराया गया. छात्रों के बीमार होने के बाद शिक्षक स्कूल छोड़ कर फरार हो गये. इस वजह से आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा स्कूल पर हंगामा भी किया गया.
