नक्सली एरिया कमांडर धीरज व सुभाष गिरफ्तार

छपरा (कोर्ट) परसा पुलिस ने बुधवार की रात रूटीन चेकिंग के दौरान दो कुख्यात नक्सलियों को गिरफ्तार किया. नक्सलियों के पास से हजारों नकद, काफी संख्या में नक्सली साहित्य और चार मोबाइल बरामद किया गया. हालांकि एक नक्सली चकमा देकर भाग निकला. दोनों नक्सलियों से बुधवार की रात परसा थाने में तथा गुरुवार को शहर […]

छपरा (कोर्ट)
परसा पुलिस ने बुधवार की रात रूटीन चेकिंग के दौरान दो कुख्यात नक्सलियों को गिरफ्तार किया. नक्सलियों के पास से हजारों नकद, काफी संख्या में नक्सली साहित्य और चार मोबाइल बरामद किया गया. हालांकि एक नक्सली चकमा देकर भाग निकला. दोनों नक्सलियों से बुधवार की रात परसा थाने में तथा गुरुवार को शहर के भगवान बाजार थाने में पूछताछ की जा रही है. आइबी, एसटीएफ, स्पेशल ब्रांच के साथ ही मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, शिवहर और वैशाली के पुलिस अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं. पकड़ाये नक्सलियों में शिवहर जिला के तरियानी थाना क्षेत्र के तरियानी छपरा निवासी एवं छपरा, सीवान, गोपालगंज जिला के एरिया जोनल कमांडर धीरज कुमार उर्फ राजा और उसका दायां हाथ वैशाली जिला के लालगंज निवासी सुभाष गुप्ता उर्फ चंदन शामिल हैं. इनके पास 80 हजार नकद, एक झोला नक्सली साहित्य और चार मोबाइल जब्त किया है. एरिया कमांडर धीरज ने लेवी वसूलने की बात स्वीकार की है.उसने कहा है कि इस जोन के एरिया कमांडर राजन के जाने के बाद संगठन ने उसे जोनल कमांडर बनाया है. धीरज ने स्वीकार किया है कि उसने गोपालगंज के सत्तर घाट में एक दर्जन वाहनों को जलाने के साथ ही मोतिहारी, शिवहर, मुजफ्फरपुर और वैशाली में कई घटनाओं को अंजाम दिया है. नक्सली एरिया कमांडर धीरज उर्फ राजा ने वैशाली के जनदाहा बैंक में लूट और थाने पर हमला करने की बात स्वीकार की है. उसने मोतिहारी के मधुबन स्थित राजद के सांसद व पूर्व मंत्री सीताराम सिंह के मकान पर हमला, सीतामढ़ी के रीगा बैंक लूट और मुजफ्फरपुर के गोरौल स्टेशन ने ट्रैक को उड़ाने में शामिल होने की बात कही है. उसने दर्जनों माओवादी घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और घटना के संबंध में संबंधित जिला से जानकारी भी प्राप्त कर रही है.
दो दर्जन से अधिक हैं अत्याधुनिक हथियार : परसा पुलिस के हत्थे चढ़े नक्सली एरिया कमांडर के पास दो दर्जन से ज्यादा अत्याधुनिक हथियार है. उसने स्वीकार किया है कि उसके पास से दो दर्जन से ज्यादा अत्याधुनिक हथियार है. इनमें दो एसएलआर, दो एके 47, एक कारबाइन, तीन पिस्टल, नौ एमएम के तीन थ्री नॉट थ्री की नौ पिस्तौलों के अलावा कई छोटे-बड़े हथियार हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >