पटना. राज्य सरकार के बजट प्रस्ताव पर विधान परिषद में भाजपा ने सरकार के खिलाफ जम कर हमला बोला. भाजपा के वैद्यनाथ प्रसाद ने कहा कि राज्य की गिरती कानून व्यवस्था के कारण विकास का कार्य धीमा पड़ गया है.
भाजपा के साथ गंठबंधन के दिनों का विकास दर बेहतर बताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष में आवंटित किसी भी विभागों ने पूरा खर्च नहीं किये. उन्होंने कहा कि खाद्य आपूर्ति विभाग का बजट ही इस साल सरकार ने कम कर दिया है. पूर्व में इस विभाग के लिए 1502 करोड़ रुपये आवंटित किसे गये थे और इस बार तो मात्र 796 करोड़ रुपये ही आवंटित किये गये हैं.
इसके लिए राज्य में बढ़ते अपराध की घटनाओं को जिम्मेवार बताते हुए कहा कि 2005 की अपेक्षा 2015 में आपराधिक घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है. यह लोगों में निराशा उत्पन्न किया है. इससे विकास के लक्ष्य को पूरा नहीं किया जा सकेगा. बजट भाषण पर अपराध की चर्चा पर जदयू के नीरज कुमार और संजीव कुमार सिंह की टोकाटोकी पर सुशील कुमार मोदी ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि विकास का सीधा संबंध राज्य की कानून व्यवस्था से होता है. ऐसे में सदस्य इसकी चर्चा तो करेंगे ही.
मामला शांत होते ही प्रसाद ने कहा कि राज्य में अब अपराधी द्वारा फिरौती मांगने का चलन शुरू हो गया है. उन्होंने राज्य में बिजली, सड़क, सीएम क्षेत्र विकास योजना सहित विभिन्न योजनाओं में प्रगति नहीं होने का आरोप लगाया.
सरकार के विरुद्ध भाजपा सदस्य के भाषण के बाद जदयू के हारूण रसीद ने कहा कि लोकसभा चुनाव के कारण विकास कार्य थोड़ा धीमा हुआ, पर राज्य में विकास के कार्य तेजी से और चौतरफा हो रहा है. कृषि, कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे विकास पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि वैद्यनाथ बाबू जिस तरह सरकार के खिलाफ बोल रहे हैं, इनके पिछले साल के बजट भाषण मेरे पास है यदि इसे पढ़ दें तो उनको अजीब लगेगा. रमजान का महीना शुरू होने पर उन्होंने सभी सदस्यों को अच्छी सेहत और राज्य के उज्जवल भविष्य का कामना करते हुए कहा कि उन्होंने वैद्यनाथ प्रसाद से कहा कि सरकार के खिलाफ बदलिये पर इतना मत बदल जाइए. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया का इकोनॉमी धीमी चल रही है. ऐसे में इसका असर हर जगह पड़ रहा है.
