पटना छात्रा मौत केस में बड़ा ट्विस्ट, 20 दिन बाद बॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप, लिव-इन में रह रहे थे दोनों

Patna Crime News: पटना में 26 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब उलझता जा रहा है. पहले आत्महत्या माने जा रहे इस केस में 20 दिन बाद परिजनों ने बॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

Patna Crime News: पटना के कृष्णापुरी इलाके में 26 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब नया मोड़ लेता दिख रहा है. पहले इसे आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन करीब 20 दिन बाद परिजनों ने पुलिस में लिखित शिकायत देकर हत्या की आशंका जताई है. छात्रा भागलपुर की रहने वाली थी और पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी.

पुलिस को बॉयफ्रेंड ने दी थी सूचना

घटना की जानकारी पुलिस को छात्रा के बॉयफ्रेंड पीयूष ने दी थी. दोनों पिछले एक साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. पीयूष प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि युवती पढ़ाई कर रही थी. दोनों का परिवार भी एक-दूसरे को जानता था और शादी की बात आगे बढ़ने वाली थी.

पहले शिकायत से इनकार, अब दर्ज कराई FIR

घटना के तुरंत बाद छात्रा के पिता ने कोई शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया था. लेकिन अब उन्होंने पुलिस में आवेदन देकर बेटी की हत्या की आशंका जताई है और सीधे तौर पर पीयूष पर आरोप लगाया है. मृतका के पिता पूर्व मुखिया हैं.

क्या कहती है पुलिस जांच?

थानेदार जितेंद्र राणा के मुताबिक, परिजनों की ओर से आवेदन मिला है और मामले की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है.

घटना वाली रात क्या हुआ था?

पुलिस पूछताछ में पीयूष ने बताया कि वह रात करीब 9 बजे ड्यूटी से लौटकर फ्लैट आया था. दोनों ने साथ में खाना खाया और फिर अपने-अपने कमरे में चले गए. इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल चैट के जरिए बातचीत हो रही थी. पीयूष के अनुसार, इसी दौरान युवती ने अपने कमरे में तेज आवाज में म्यूजिक बजाना शुरू कर दिया. उसने चैट के जरिए उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों के बीच कहासुनी (हॉट टॉक) हो गई.

दरवाजा तोड़ा तो सामने आया खौफनाक मंजर

पीयूष ने बताया कि विवाद के बाद जब युवती कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही थी, तो उसने दरवाजा खटखटाया. काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने दरवाजा तोड़ा. अंदर जाकर देखा तो युवती पंखे से बेडशीट के सहारे लटकी हुई थी. वह दोस्तों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पहले छोड़ा गया, अब फिर जांच के घेरे में बॉयफ्रेंड

घटना के बाद पुलिस ने पीयूष को हिरासत में लिया था, लेकिन परिजनों की ओर से शिकायत नहीं मिलने के कारण उसे छोड़ दिया गया था. अब 20 दिन बाद जब परिवार ने हत्या का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है, तो मामला फिर से जांच के दायरे में आ गया है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: बिहार के अगले सीएम पर चिराग पासवान बोले- मैं रेस में नहीं, सरकार का चेहरा बदलेगा लेकिन फॉर्मूला वही रहेगा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >