दानापुर : आरपीएस इंजीनियरिंग कॉलेज मार्ग के सचिवालय कॉलोनी व शांति निकेतन कॉलोनी मोड़ के पास शुक्रवार को दिन-दहाड़े अज्ञात बदमाश ने एक महिला की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी. घटना से इलाके में सनसनी मच गयी.
मृतका रजनी देवी आरपीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में दाई का काम करती थी. एएसपी अशोक मिश्र, थानाध्यक्ष रंजीत कुमार व दानापुर थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह घटनास्थल पर छानबीन में जुटे रहे. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया. घटना स्थल से एक धारदार हथियार जब्त किया है.
बताया जाता है कि दानापुर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर शनिचरा स्थान में किराये के मकान में दीपक प्रसाद अपनी 45 वर्षीय पत्नी रजनी देवी व दो पुत्र के साथ रहते थे. मृतका के पति दीपक ने बताया कि रजनी आरपीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में 12-13 साल से दाई का काम करती थी. प्रत्येक दिन के तरह शुक्रवार को सुबह सात बजे घर से ड्यूटी करने के लिए कॉलेज गयी थी.
स्थानीय युवक ने खदेड़ा तो हथियार फेंक भागा बदमाश
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रजनी देवी पैदल कॉलेज जा रही थी. सचिवालय कॉलोनी व शांति निकेतन कॉलोनी के पास पीछे से एक युवक ने धारदार हथियार से वार कर दिया. वह वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़ी.
मोहल्ले के एक युवक ने बदमाश पर एक ईंट फेंक कर मारा और हल्ला करते हुए खदेड़ा. बदमाश दौड़ते हुए खगौल रोड की ओर भागा और आरपीएस इंजीनियरिंग कॉलेज मोड़ पर हथियार फेंक ऑटो पर सवार होकर खगौल की ओर फरार हो गया.
