डुमरांव (बक्सर).
डुमरांव थाना क्षेत्र के अटांव पंचायत स्थित पिड़ियां गांव के जिराखन डेरा में रविवार की रात्रि अपने दरवाजे पर सो रहे किसान की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गयी़ घटना के संबंध में बताया जाता है कि रविवार को रात्रि पिड़िया गांव के जिराखन डेरा निवासी स्वर्गीय भोला यादव के पचास वर्षीय पुत्र गोपाल यादव अपने घर के बाहर पुत्र के संग सोया हुआ था. रात्रि पहर लगभग साढ़े बारह बजे अपराधियों ने गोपाल यादव की गरदन में चाकू मार कर हत्या कर दी. गहरी नींद में सोये गोपाल यादव के पंद्रह वर्षीय पुत्र विनोद कुमार को जब ठंड लगनी शुरू हुई तो उसकी नींद खुल गयी और पिता को लहूलुहान देख कर वह शोर मचाने लगा़ जिससे आस-पास के लोग एकत्रित हो गये. पिता की हत्या की बात जब विनोद की मां को लगी तो वह चीत्कार उठी़ परिजनों ने डुमरांव थाने को सूचना दी. पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिये बक्सर भेज दिया़ थानाध्यक्ष राघव दयाल ने बताया कि इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
किसान की हत्या के बाद पूरे गांव में तरह-तहर की चर्चाओं का बाजार गरम है. हत्या के इस मामले में अभी तक गिरफ्तारी की खबर नहीं है.
