Yuzvendra Chahal's Magic Ball To Ben Stokes: भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल इन दिनों काउंटी चैंपियनशिप में अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखा रहे हैं. नॉर्थम्पटनशायर की ओर से खेलते हुए चहल ने डरहम के खिलाफ मुकाबले में शानदार गेंदबाजी की और चार विकेट अपने नाम किए. इस दौरान उन्होंने इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को जिस गेंद पर बोल्ड किया, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
चहल की घूमती गेंद ने स्टोक्स को किया क्लीन बोल्ड
बेन स्टोक्स के खिलाफ चहल ने ऐसी गेंद डाली, जिसने बल्लेबाज को पूरी तरह चकमा दे दिया. गेंद ऑफ स्टंप के बाहर से आई और अचानक तेज टर्न लेते हुए अंदर की ओर आई. स्टोक्स गेंद की लाइन को पढ़ने में नाकाम रहे और गेंद सीधे उनके स्टंप से जा टकराई.
चहल की इस शानदार गेंद को देखकर बल्लेबाज के पास भी प्रतिक्रिया देने का ज्यादा मौका नहीं था. यही वजह है कि इस विकेट का वीडियो क्रिकेट फैंस के बीच खूब शेयर किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: VIDEO: युजवेंद्र चहल भी हुए ‘6-7’ ट्रेंड के दीवाने, इंग्लैंड में किया Gen-Z सेलिब्रेशन
चहल ने मैच में झटके चार विकेट
डरहम के खिलाफ चहल ने अपनी टीम के लिए अहम भूमिका निभाई. लेग स्पिनर ने एलेक्स लीस, बेन स्टोक्स, केसी एल्ड्रिज और मैथ्यू पॉट्स को अपना शिकार बनाया. चहल की इस गेंदबाजी के दम पर नॉर्थम्पटनशायर ने डरहम के खिलाफ मुकाबले में 20 रन की बढ़त हासिल की. लंबे समय बाद फर्स्ट क्लास क्रिकेट में चहल का यह प्रदर्शन उनके लिए खास रहा.
काउंटी क्रिकेट में भारतीय गेंदबाजों का जलवा
चहल के अलावा कई अन्य भारतीय खिलाड़ी भी इस समय काउंटी चैंपियनशिप में खेल रहे हैं. इनमें कुलदीप यादव, आकिब नबी और राहुल चाहर जैसे नाम शामिल हैं. भारतीय खिलाड़ियों के लिए काउंटी क्रिकेट विदेशी परिस्थितियों में खुद को परखने और रेड-बॉल क्रिकेट में अनुभव हासिल करने का अच्छा मंच है.
अर्शदीप की बेस्ट भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में चहल
इस बीच भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने भी चहल को लेकर चर्चा की थी. कृष्णांक अत्रे के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अर्शदीप ने अपने पसंदीदा पांच भारतीय गेंदबाजों की सूची बताई थी. इस सूची में भुवनेश्वर कुमार को उन्होंने पहले स्थान पर रखा था, जबकि मोहम्मद शमी दूसरे नंबर पर थे. कुलदीप यादव तीसरे और युजवेंद्र चहल चौथे स्थान पर रहे. आर अश्विन को अर्शदीप ने पांचवें नंबर पर रखा.
ये भी पढ़ें: मोहम्मद शमी का खास 'शतक', दलीप ट्रॉफी फाइनल से पहले CAB करेगा सम्मानित
