Vaibhav Suryavanshi: वैभव सूर्यवंशी ने 19 मई की शाम लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. लेकिन इस बार उनके अर्धशतक से ज्यादा चर्चा उनके सेलिब्रेशन की हो रही है. आमतौर पर मैदान पर दिखने वाले अपने पुराने अंदाज से अलग, वैभव ने फिफ्टी लगाने के बाद हवा में अपने हाथों से ‘A’ का साइन बनाया. उनके इस अनोखे सेलिब्रेशन के बाद क्रिकेट फैंस और एक्सपर्ट्स इसके मायने निकालने में जुट गए. सोशल मीडिया पर लोग इसे डिकोड करने की कोशिश कर रहे हैं. जिसमें कुछ लोगों का मानना है कि हाल ही में ‘इंडिया ए’ टीम में चयन होने की खुशी में उन्होंने यह खास इशारा किया था.
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में नहीं खोला राज
अर्धशतक लगाने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने खुद अपने इस ‘A’ सेलिब्रेशन की वजह साफ की. लेकिन मैच के ठीक बाद उन्होंने इस राज को छुपाने की पूरी कोशिश की थी. दरअसल, मैच खत्म होने के बाद जब प्रजेंटेटर मुरली कार्तिक ने उनसे इस खास इशारे का मतलब पूछा, तो वैभव ने बात को घुमा दिया. उन्होंने कहा कि इस ‘A’ का कोई खास मतलब नहीं था, उन्होंने बस यूं ही हवा में यह साइन बना दिया था. अपनी बात को सच साबित करने के लिए वैभव ने हंसते हुए यह भी जोड़ दिया कि इससे पिछले मैच में उन्होंने जो सेलिब्रेशन किया था, उसका भी कोई खास कारण नहीं था. हालांकि, वैभव भले ही मुरली कार्तिक के सामने इस राज को टाल गए, लेकिन बाद में उन्होंने खुद ही इसका असली मतलब सबको बताया.
राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर के सामने खुला असली राज
मुरली कार्तिक को दिए जवाब और मैच के बाद राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर से हुई बातचीत में जमीन-आसमान का अंतर था. वैभव ने आखिरकार रोमी भिंडर के सामने अपने ‘A’ सेलिब्रेशन का असली मतलब उजागर किया, जो बेहद भावुक करने वाला था. वैभव ने बताया कि यह खास इशारा उन्होंने अपनी मां के लिए किया था, क्योंकि उनकी मां का नाम ‘A’ अक्षर से शुरू होता है. वैभव की मां का नाम आरती सूर्यवंशी है. उन्होंने आगे कहा कि वह मैदान पर या कैमरे के सामने इस बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहते थे, इसीलिए उन्होंने पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में इसे छुपा लिया था.
वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन
आईपीएल 2026 के 64वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी. इस धमाकेदार जीत के साथ ही राजस्थान ने प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है. राजस्थान की इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे स्टार युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी. वैभव ने महज 38 गेंदों का सामना करते हुए ताबड़तोड़ 93 रनों की पारी खेली. अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान उन्होंने मैदान के चारों तरफ शॉट्स लगाए और कुल 7 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के जड़े. उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान ने बेहद आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया.
