Tanzid Hasan Tamim first Test century: डार्विन के मरारा क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच खेले जा रहे दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में शुक्रवार को बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम ने इतिहास रच दिया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलियाई धरती पर टेस्ट शतक लगाने वाले पहले बांग्लादेशी क्रिकेटर बनने की उपलब्धि हासिल की.
तंजीद ने अपनी शानदार पारी के दौरान 188 गेंदों में अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया. ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 198 रन पर सिमटने के बाद बांग्लादेश ने जब बल्लेबाजी शुरू की, तो तंजीद ने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए पारी को संभाला. उन्होंने 197 गेंदों पर 101 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल रहा.
बांग्लादेशी बल्लेबाज का शतक
तंजीद का यह शतक बांग्लादेश के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि लंबे समय बाद किसी बांग्लादेशी बल्लेबाज ने विदेशी जमीन पर टेस्ट शतक लगाया है. इससे पहले 2022 में महमदुल हसन जॉय ने दक्षिण अफ्रीका के डरबन में 137 रन की पारी खेली थी.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में यह किसी बांग्लादेशी बल्लेबाज का सिर्फ दूसरा शतक है. इससे पहले शाहिरयार नफीस ने 2006 में फतुल्लाह में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 138 रन बनाए थे. तंजीद की पारी ने इस सूची में एक ऐतिहासिक अध्याय जोड़ दिया.
बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया पर बनाई बढ़त
ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 198 रन पर समेटने के बाद बांग्लादेश ने मजबूत बल्लेबाजी की. तंजीद के शतक की मदद से टीम ने ऑस्ट्रेलिया के स्कोर को पीछे छोड़ दिया. 67 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर 238/3 था और टीम को 40 रन की बढ़त हासिल हो चुकी थी. तंजीद के आउट होने के बाद भी बांग्लादेश की स्थिति मजबूत बनी रही. उनकी पारी ने टीम को उस समय महत्वपूर्ण आधार दिया, जब मैच में ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बढ़ रहा था.
इसे भी पढ़े- संन्यास के बाद रोहित शर्मा की नई भूमिका क्या होगी? अश्विन ने मुंबई इंडियंस को दी खास सलाह
हसन महमूद ने गेंद से बरपाया कहर
इससे पहले मुकाबले के पहले दिन बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया. उन्होंने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 55 रन देकर छह विकेट झटके और ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी को महज 198 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई. हसन महमूद का यह प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी बांग्लादेशी गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी बन गया. उन्होंने 2006 में फतुल्लाह टेस्ट में मोहम्मद रफीक के 62 रन देकर पांच विकेट के प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया.
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी खराब रही. ट्रैविस हेड और जेक वेदराल्ड के बीच 45 रन की शुरुआती साझेदारी के बाद ऑस्ट्रेलियाई पारी लड़खड़ा गई और टीम 74/4 के स्कोर तक पहुंच गई. इसके बाद हसन महमूद ने लगातार दबाव बनाए रखा.
स्टीव स्मिथ ने खेली अर्धशतकीय पारी
ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टीव स्मिथ ने संघर्ष करते हुए 109 गेंदों पर 71 रन बनाए. उनकी पारी में सात चौके और एक छक्का शामिल था. स्मिथ ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन बांग्लादेशी गेंदबाजों के लगातार दबाव के सामने ऑस्ट्रेलिया ज्यादा देर टिक नहीं सका.
तस्कीन अहमद के 300 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे
इस मुकाबले में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद ने भी बड़ी उपलब्धि हासिल की. दो विकेट लेने के साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 300 विकेट पूरे करने वाले बांग्लादेश के छठे गेंदबाज बन गए. तस्कीन ने 204 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 300 विकेट पूरे किए हैं.
उनके नाम 13 बार चार विकेट, तीन बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज है. बांग्लादेश के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शाकिब अल हसन, मुशरफे मुर्तजा, मुस्तफिजुर रहमान, मेहदी हसन मिराज और तैजुल इस्लाम शामिल हैं.
इसे भी पढ़े- महिला एशिया कप 2026 के लिए श्रीलंका टीम का ऐलान, चमारी अटापट्टू को मिली कप्तानी
