मुंबई लीग में तुषार देशपांडे का डबल धमाका, गेंदबाजी छोड़िए अब बल्ले से लाया तूफान

T20 Mumbai League 2026 : आईपीएल खत्म होने के बाद मुंबई लीग का जलवा नजर आ रहा है. मराठा रॉयल्स के खिलाड़ी तुषार देशपांडे ने सुपर ओवर के मुकाबले में गेंद से नहीं बल्कि बल्ले से कहर बरपाया है.

T20 Mumbai League 2026 : वानखेड़े स्टेडियम में आकाश टाइगर्स और मराठा रॉयल्स के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. आमतौर पर अपनी तेज गेंदबाजी के लिए मशहूर तुषार देशपांडे ने इस बार बल्ले से वो कर दिखाया, जिसकी उम्मीद शायद आकाश टाइगर्स को भी नहीं रही होगी. तुषार के इस जबरदस्त प्रदर्शन की वजह से मराठा रॉयल्स ने सुपर ओवर में आकाश टाइगर्स को मात दी.

पहली पारी में टाइगर्स के बल्लेबाजों ने दिखाया था दम

वानखेड़े स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी आकाश टाइगर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 165 रन बनाए थे. टीम की तरफ से अजीत यादव ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 17 गेंदों पर 5 छक्कों की मदद से 37 रनों की पारी खेली. वहीं, कप्तान सरफराज खान ने 19 गेंदों में 28 रन बनाए, जबकि जय बिस्टा ने 25 और सक्षम पाराशर ने 26 रनों का योगदान दिया. मराठा रॉयल्स की ओर से बॉलिंग में मैक्सवेल स्वामीनाथन और अर्जुन दानी ने दो-दो विकेट लिए. देशपांडे ने किफायती बॉलिंग की और चार ओवर में महज 15 रन खर्च करते हुए एक विकेट अपने नाम किया.

संकट में फंसी थी मराठा रॉयल्स, तुषार ने कराई मैच में वापसी

166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मराठा रॉयल्स की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने लगातार अंतराल पर अपने विकेट गंवाए. हालांकि, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सचिन यादव ने 39 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 54 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही टीम संकट में आ गई. मराठा रॉयल्स ने महज 121 रन पर अपने 6 विकेट खो दिए थे. ऐसे समय पर छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए तुषार देशपांडे ने मोर्चा संभाला. उन्होंने 14 गेंदों में 2 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के जड़कर 33 रन ठोक दिए. तुषार के इस तूफान की बदौलत मराठा रॉयल्स ने स्कोर को 151 तक पहुंचाया, लेकिन निचले क्रम की लड़खड़ाहट के कारण रेगुलर ओवर्स में मैच टाई पर खत्म हुआ.

सुपर ओवर में भी चला देशपांडे का बल्ला

मैच का फैसला सुपर ओवर में होना तय हुआ और यहां भी मराठा रॉयल्स ने तुषार देशपांडे पर ही भरोसा जताया. तुषार ने इस भरोसे को सही साबित करते हुए सुपर ओवर में दो शानदार चौके लगाए और अकेले 13 रन बटोर लिए. रॉयल्स ने आकाश टाइगर्स के सामने जीत के लिए 17 रनों का लक्ष्य रखा. जवाब में आकाश टाइगर्स की ओर से कप्तान सरफराज खान और अजीत यादव की जोड़ी मैदान पर उतरी, लेकिन वे सुपर ओवर में सिर्फ 11 रन ही बना सके.

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे तुषार देशपांडे

तुषार राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेल रहे थे, जो क्वालिफायर 2 से बाहर हो गई थी. आईपीएल के इस सीजन में तुषार को 7 मैचों में सिर्फ 4 विकेट मिले थे और उनका इकॉनमी रेट 11.95 भी काफी महंगी रही थी.

(इनपुट -अरकम अब्दुल मन्नान)

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajneesh Anand

राजनीति,सामाजिक, इतिहास, खेल और महिला संबंधी विषयों पर गहन लेखन किया है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में रुचि. इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक. IM4Change, झारखंड सरकार तथा सेव द चिल्ड्रन के फेलो के रूप में कार्य किया है. पत्रकारिता के प्रति जुनून है. प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >