टी20 विश्व कप 2026 में भारत को खिताब दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव फिलहाल टीम इंडिया की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं. चयन समिति ने विश्व कप के बाद होने वाली सीरीज के लिए उन्हें टीम में शामिल नहीं किया और श्रेयस अय्यर को नया कप्तान नियुक्त कर दिया. ऐसे में सूर्यकुमार के अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
BCCI ने वापसी के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं किए
हालांकि, BCCI ने सूर्यकुमार की वापसी की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है. ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड के एक सूत्र ने कहा कि सूर्यकुमार अभी चयनकर्ताओं की तत्काल योजनाओं में नहीं हैं, लेकिन लगातार रन बनाकर वह दोबारा टीम इंडिया में जगह बना सकते हैं. सूर्यकुमार यादव के लिए दरवाजे अभी भी खुले हैं. वह फिलहाल योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाकर वापसी कर सकते हैं.
घरेलू क्रिकेट में करना होगा खुद को साबित
टीम इंडिया में वापसी के लिए सूर्यकुमार को घरेलू क्रिकेट में मुंबई की ओर से खेलते हुए दमदार प्रदर्शन करना होगा. 35 वर्षीय बल्लेबाज कुछ महीनों में 36 साल के हो जाएंगे और अगला टी20 विश्व कप 2028 में खेला जाना है. ऐसे में उनके लिए हर सीजन अहम माना जा रहा है.
विश्व कप से पहले दिखी थी शानदार फॉर्म
पिछले साल सूर्यकुमार 19 पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके थे. हालांकि इस साल न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्होंने पांच मैचों में तीन अर्धशतक जड़कर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए. इसके बाद उन्होंने टी20 विश्व कप अभियान की शुरुआत नाबाद 84 रन की मैच जिताऊ पारी के साथ की थी.
विश्व कप के बाद नहीं चला बल्ला
विश्व कप के पहले मैच में शानदार प्रदर्शन के बावजूद सूर्यकुमार बाकी आठ मुकाबलों में सिर्फ 158 रन ही बना सके. फाइनल में वह खाता भी नहीं खोल पाए थे. वहीं IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए उन्होंने 13 पारियों में 270 रन बनाए. उनका स्ट्राइक रेट 147.54 रहा, लेकिन वह चयनकर्ताओं को प्रभावित करने के लिए पर्याप्त नहीं माना गया.
अय्यर की कप्तानी में संघर्ष कर रही है टीम
सूर्यकुमार को टीम से बाहर किए जाने के बाद श्रेयस अय्यर को टी20 टीम की कमान सौंपी गई. हालांकि नए कप्तान के नेतृत्व में भारत का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. टीम अपने पिछले सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में से छह हार चुकी है, जबकि एक मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा.
वनडे सीरीज में वापसी की तलाश में भारत
टी20 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम अब इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज पर ध्यान केंद्रित कर रही है. टीम प्रबंधन को उम्मीद होगी कि वनडे प्रारूप में भारत जीत की राह पर लौटे और हालिया खराब दौर को पीछे छोड़ सके.
ये भी पढ़ें: इंग्लैंड सीरीज के बाद टीम इंडिया से नाता तोड़ना चाहते हैं रयान टेन डोशेट, क्या गौतम गंभीर रोक पाएंगे फैसला?
