CWG 2026 Boxing: ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया. फाइनल मुकाबले में उन्होंने इंग्लैंड की रूबी व्हाइट को 5-0 के एकतरफा फैसले से हराया.
पहले राउंड से ही बनाई बढ़त
साक्षी ने मुकाबले की शुरुआत बेहद संयम के साथ की. अपनी लंबाई और रीच का फायदा उठाते हुए उन्होंने बाएं हाथ के सटीक जैब्स लगाए और रूबी व्हाइट को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. भारतीय मुक्केबाज के दबदबे को देखते हुए सभी जजों ने पहला राउंड उनके पक्ष में दिया.
दूसरे राउंड में भी दिखाया दम
दूसरे राउंड में रूबी व्हाइट ने वापसी की कोशिश की, लेकिन साक्षी ने शानदार डिफेंस और सटीक पंचों से मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी. व्हाइट ने राउंड के अंत में कुछ अच्छे पंच जरूर लगाए, लेकिन जजों ने फिर साक्षी को बढ़त दी.
तीसरे राउंड में नहीं दिया कोई मौका
आखिरी राउंड में साक्षी ने बिना कोई जोखिम उठाए समझदारी से मुकाबला खेला. उन्होंने समय का सही इस्तेमाल किया और मौके मिलने पर साफ-सुथरे पंच लगाए. रूबी व्हाइट ने अंतिम क्षणों में बॉडी शॉट लगाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
अंत में जजों ने 5-0 से सर्वसम्मति से फैसला साक्षी चौधरी के पक्ष में सुनाया. इसके साथ ही वह कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गोल्ड जीतने वाली दिन की तीसरी भारतीय मुक्केबाज बन गईं. भारत का बॉक्सिंग में शानदार प्रदर्शन जारी है और टीम के कई अन्य मुक्केबाज भी शनिवार को स्वर्ण पदक के मुकाबले में उतरने वाले हैं.
ये भी पढ़ें: 'गोल्डन' स्टोरी की वो 40 दिन, बीमारी से लड़कर जैसमीन लंबोरिया बनीं चैंपियन
