भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के सहायक कोच रयान टेन डोशेट इंग्लैंड के खिलाफ जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं. क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, टेन डोशेट निजी कारणों से यह फैसला लेना चाहते हैं और परिवार के साथ अधिक समय बिताना चाहते हैं. यदि ऐसा होता है तो उनका टीम इंडिया के साथ कार्यकाल सौहार्दपूर्ण तरीके से समाप्त होगा.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर इस फैसले पर अंतिम राय रख सकते हैं. गंभीर ने ही करीब दो साल पहले टेन डोशेट को अपने सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बनाया था और दोनों के बीच अच्छे संबंध माने जाते हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में गंभीर के मेंटर रहने के दौरान टेन डोशेट फील्डिंग कोच की भूमिका में थे. भारतीय टीम में उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं और कई बार मीडिया से जुड़े कार्यों को भी संभाला.
टी दिलीप का भविष्य भी अधर में
रिपोर्ट के मुताबिक फील्डिंग कोच टी दिलीप का भविष्य भी अनिश्चित माना जा रहा है और इंग्लैंड सीरीज के बाद उनके पद की समीक्षा हो सकती है. अगर टेन डोशेट टीम से अलग होते हैं तो गौतम गंभीर के कोचिंग स्टाफ से यह दूसरा बड़ा बदलाव होगा. इससे पहले बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023-24 के बाद अभिषेक नायर को उनके पद से हटा दिया गया था.
फिलहाल कौन-कौन हैं सपोर्ट स्टाफ में?
फिलहाल गंभीर के सपोर्ट स्टाफ में बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक, स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले, तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल, सहायक कोच रयान टेन डोशेट और फील्डिंग कोच टी दिलीप शामिल हैं. ऐसे में यदि बीसीसीआई सपोर्ट स्टाफ में बदलाव करता है तो नए नामों पर गंभीर की राय अहम मानी जाएगी.
ये भी पढ़ें: हैरी ब्रूक को आउट करते ही बुमराह ने पूरे किए 150 वनडे विकेट, सबसे कम गेंदों में ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय बने
