Pakistan players mobile phones: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बीच मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. दूसरे टेस्ट में 194 रन की करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम में बड़े बदलाव किए हैं. इन बदलावों के बीच बोर्ड ने अनुशासन और खिलाड़ियों के आचरण से जुड़े मामलों की आंतरिक जांच शुरू कर दी है.
खिलाड़ियों के मोबाइल फोन भी लिए गए
पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट 365 News के मुताबिक,
PCB ने कुछ खिलाड़ियों के मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लिए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, ये फोन तीसरे और आखिरी टेस्ट के खत्म होने तक बोर्ड के पास रह सकते हैं. हालांकि, किन खिलाड़ियों के फोन लिए गए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
PCB ने शुरू की अनुशासनात्मक जांच
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि टीम में हुए बदलाव केवल खराब प्रदर्शन से जुड़े नहीं हैं. PCB के डायरेक्टर मीडिया एंड डिजिटल कम्युनिकेशंस आमिर मीर ने पुष्टि की है कि
बोर्ड ने अनुशासन और आचरण से संबंधित मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर आंतरिक जांच शुरू की है. उन्होंने कहा कि मामले की समीक्षा PCB के नियमों के तहत की जा रही है और संबंधित सभी लोगों को उचित अवसर दिया जाएगा.
दूसरे टेस्ट के बाद टीम में बड़ा फेरबदल
लॉर्ड्स में मिली हार के बाद PCB ने मोहम्मद रिजवान, सलमान अली आगा, इमाम-उल-हक, अली उस्मान, खुर्रम शहजाद, आमिर जमाल और मुहम्मद आवैस जफर को टीम से बाहर कर दिया. इसके अलावा मुख्य कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी उनके पदों से हटा दिया गया.
क्या है मैच-फिक्सिंग का कनेक्शन?
फिलहाल PCB ने मैच-फिक्सिंग की पुष्टि नहीं की है. इसलिए इस मामले को सीधे मैच-फिक्सिंग से जोड़ना जल्दबाजी होगी. बोर्ड की आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी. इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में पाकिस्तान के लिए तीसरा टेस्ट अब सिर्फ मैदान पर प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि टीम के भीतर चल रही इस जांच के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.
