गुडगांव : महानफुटबॉलखिलाड़ी पेले ने फीफा भ्रष्टाचार प्रकरण को ‘शर्मनाक’ करार दिया लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि इससे खेल की प्रतिष्ठा को नुकसान नहीं पहुंचेगा क्योंकि जो भी हुआ वह विश्व संचालन संस्था से जुड़े लोगों के गलत कामों की वजह से हुआ और मैदान पर किसी मुद्दे के कारण नहीं.
सुब्रतो कप के आयोजकों के आमंत्रण पर भारत आए पेले ने राजधानी के अपने पहले दौर के दूसरे दिन प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा, ‘‘फीफा में जो भी हुआ, वह शर्मनाक है. लेकिन यह फुटबॉल के कारण नहीं है बल्कि फीफा से जुडे कुछ लोगों के कारण है. बेशक अब फीफा में जो हुआ उस पर हमें खेद है.”
फीफा अध्यक्ष सेप ब्लाटर और यूरोपीयफुटबॉलकी संचालन संस्था यूएफा के प्रमुख माइकल प्लातीनी के निलंबन का कारण बने भ्रष्टाचार प्रकरण के बारे में पूछने पर पेले ने कहा, ‘‘लेकिन हम फुटबॉल को इसके साथ (भ्रष्टाचार प्रकरण) मिला नहीं सकते. यह कुछ उन लोगों के कारण है जो फुटबॉल का प्रशासन देखते हैं.”
उन्होंने कहा, ‘‘चीजों की आलोचना करना और यह कहना आसान है कि फीफा में यह हो रहा है. लेकिन आपको यह नहीं भूलना चाहिए कि फीफा के कारण फुटबाल दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल है.” दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर माने जाने वाले पेले ने इससे पहले कोलकाता दौरे के दौरान कहा था कि वह जून में ब्लाटर के हटने पर फीफा अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल नहीं हैं.
