सेरेना ने छठा विंबलडन व करियर का 21वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीता

लंदन: दुनिया की नंबर एक और शीर्ष वरीय सेरेना विलियम्स ने आज यहां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाली सबसे उम्रदराज महिला एकल खिलाडी बनकर इतिहास रचा जब उन्होंने गारबाइन मुगुरुजा को हराकर छठा विंबलडन और करियर का 21वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीता. सेरेना ने महिला एकल फाइनल में धीमी शुरुआत से उबरते हुए स्पेन की 20वीं वरीय […]

लंदन: दुनिया की नंबर एक और शीर्ष वरीय सेरेना विलियम्स ने आज यहां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने वाली सबसे उम्रदराज महिला एकल खिलाडी बनकर इतिहास रचा जब उन्होंने गारबाइन मुगुरुजा को हराकर छठा विंबलडन और करियर का 21वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीता.

सेरेना ने महिला एकल फाइनल में धीमी शुरुआत से उबरते हुए स्पेन की 20वीं वरीय मुगुरुजा को सीधे सेटों में एक घंटे और 22 मिनट में 6-4, 6-4 से शिकस्त दी. सेरेना 33 साल और 289 दिन की उम्र में यह खिताब जीतकर मार्टिना नवरातिलोवा को पीछे छोड़कर ओपन युग में महिला एकल ग्रैंडस्लैम जीतने वाली सबसे अधिक उम्र की खिलाडी बनी.

इस अमेरिकी खिलाडी ने इसके साथ ही एक साथ चारों ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम करके सेरेना स्लैम भी पूरा किया. इससे पहले सेरेना ने 2002-03 में भी यह उपलब्धि हासिल की थी. इस साल आस्ट्रेलियाई ओपन, फ्रेंच ओपन और विंबलडन का खिताब जीतने वाली सेरेना अब अमेरिकी ओपन का खिताब भी अपने नाम करके कैलेंडर ग्रैंडस्लैम पूरा करने के इरादे से उतरेगी. सेरेना अगर ऐसा करने में सफल रहती हैं तो वह 1998 में स्टेफी ग्राफ के बाद कैलेंडर स्लैम पूरा करने वाली पहली महिला खिलाडी होंगी.

सेरेना ने जीत दर्ज करने के बाद कहा, काफी अच्छा महसूस कर रही हूं. गारबाइन काफी अच्छा खेली. मुझे यह भी नहीं पता चला कि मैच खत्म हो गया है क्योंकि वह अंत में काफी कडी टक्कर दे रही थी. वह जल्द ही यह खिताब जीतेगी. मुझे खुशी है कि यह शानदार मुकाबला रहा

सेरेना ने कहा, मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि मैं यहां एक बार फिर सेरेना स्लैम के साथ खडी हूं. इस अविश्वसनीय स्थान पर इतने वर्ष तक खेलना संतुष्टि और सम्मान की बात है. सेरेना अब जर्मनी की स्टेफी ग्राफ के ओपन युग के रिकार्ड 22 एकल ग्रैंडस्लैम खिताब की बराबरी करने से सिर्फ एक खिताबी जीत दूर हैं. वह हालांकि मारग्रेट कोर्ट के 24 खिताब के सर्वकालिक रिकार्ड से तीन खिताब पीछे हैं.

इस शीर्ष वरीय खिलाडी को इस जीत से 18 लाख पौंड (27 लाख डालर) की इनामी राशि भी मिली. यह डब्ल्यूटीए टूर पर सेरेना का 68वां खिताब है.सेरेना के लिए मुकाबले की शुरुआत अच्छी नहीं रही. उन्होंने अपनी पहली ही सर्विस गंवाई और फिर 2-4 से पिछड गयी. इस अमेरिकी ने इसके बाद लगातार पांच गेम जीतकर पहला सेट अपने नाम किया और दूसरे में भी 1-0 से आगे हो गयी.

सेरेना ने दूसरे सेट में भी दो बार मुगुरुजा की सर्विस तोडकर 5-1 की बढत बनाई जिसके बाद वह खिताब अपने नाम करने के लिए सर्विस कर रही थी. अमेरिकी खिलाडी ने अपनी यह सर्विस गंवाई और फिर मुगुरुजा ने अपनी सर्विस बचाकर स्कोर 3-5 कर दिया. मुगुरुजा ने इस बीच एक मैच प्वाइंट भी बचाया और नौवें गेम में पांचवें ब्रेक प्वाइंट पर सेरेना की सर्विस तोडकर स्कोर 4-5 कर दिया.

ऐसे में जब लग रहा था कि मुगुरुजा जोरदार वापसी करने में सफल रहेंगी तब सेरेना ने 10वें गेम में स्पेन की 21 साल की खिलाडी की सर्विस तोडकर सेट, मैच और खिताब अपने नाम किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >