नयी दिल्ली : भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल आज आधिकारिक रुप से दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी बन गई जब अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन महासंघ ने ताजा रैंकिंग जारी की. वह विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं. साइना ने चीन की लि शूरुइ को तीसरे स्थान पर धकेला जबकि स्पेन की कैरोलिना मारिन दूसरे स्थान पर पहुंच गई.
साइना ने 29 मार्च को इंडिया ओपन सुपर सीरिज खिताब जीता था. उसका नंबर वन पर पहुंचना तय हो गया था जब मारिन इंडिया ओपन सेमीफाइनल में हार गई थी. वह नंबर वन तक पहुंची दूसरी भारतीय खिलाड़ी है. प्रकाश पदुकोण अपने कैरियर में पुरुष रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे थे.
उदीयमान खिलाड़ी पी वी सिंधू नौवे स्थान पर बरकरार है. साइना ने थाईलैंड की रेचानोक इंतानोन को हराकर इंडिया ओपन जीतने के बाद कहा था , मैं लगातार अच्छा खेल रही हूं. पिछले दो महीने में तीन फाइनल में पहुंची जो आसान नहीं था. इससे मेरी जीत की भूख बढ़ी है. उम्मीद है कि मैं फिट और चोटरहित रहकर अधिक खिताब जीतूंगी. पुरुष वर्ग में इंडिया ओपन चैम्पियन किदाम्बी श्रीकांत चौथे स्थान पर हैं जबकि चीन के चेन लोंग शीर्ष पर हैं.
