नयी दिल्ली : दक्षिण अमेरिका के एंडीज में 24 मार्च से लापता भारत के शीर्ष पर्वतारोही मल्ली मस्तान बाबू को खोजने के अभियान में जुटे लोगों ने कहा है कि उन्हें तलाशने के लिए अगले दो दिन काफी महत्वपूर्ण हैं. इसके साथ ही उन्होंने इस मामले में तेजी से कार्रवाई नहीं करने के लिए केंद्र सरकार पर निशाना भी साधा.
चालीस बरस के बाबू को आईएमएम कलकत्ता के दिनों से पहचानने वाले और यहां से बचाव अभियान पर नजर रख रहे सौरभ उबोवेजा ने कहा, जमीन पर बचाव अभियान दो दिन पहले शुरु हो गया था लेकिन निजी हेलीकाप्टर की सेवा आज से दो दिन के लिए ली गई. मैदानी अभियान में भारी बर्फ के कारण मुश्किल हो रही है इसलिए हम उम्मीद कर रहे हैं कि हवा से चलाया जा रहा अभियान उन्हें खोजने में अहम होगा.
उन्होंने कहा, बचाव अभियान काफी जटिल साबित हुआ क्योंकि एंडीस अर्जेन्टीना और चिली की सीमा पर है और हमें दोनों सरकारों की स्वीकृति लेनी पडी जिससे काफी समय खराब हुआ. हम यहां विदेश मामलों के मंत्रालय के संपर्क में भी हैं और अधिकारियों ने मदद का आश्वासन दिया है लेकिन यह जरुरत से धीमा है. मुझे यकीन है कि प्रतिक्रिया अलग और तेज होती अगर बाबू अमेरिकी या इस्राइल के नागरिक होते.
