दूती चंद ने मीट रिकार्ड फिर तोड़ा

तिरुवनंतपुरम : विवादित युवा धाविका दूती चंद ने एक नया मीट रिकार्ड बनाने के साथ आज यहां महिलाओं की 100 मीटर दौड का स्वर्ण पदक जीत लिया. इसी के साथ 35वें राष्ट्रीय खेलों में आज भी यहां ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिताओं में एथलीटों ने प्रदर्शन का स्तर उंचा करना जारी रखा. पदक तालिका में सेवा […]

तिरुवनंतपुरम : विवादित युवा धाविका दूती चंद ने एक नया मीट रिकार्ड बनाने के साथ आज यहां महिलाओं की 100 मीटर दौड का स्वर्ण पदक जीत लिया. इसी के साथ 35वें राष्ट्रीय खेलों में आज भी यहां ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिताओं में एथलीटों ने प्रदर्शन का स्तर उंचा करना जारी रखा.

पदक तालिका में सेवा खेल नियंत्रण बोर्ड (एसएससीबी) 11 वें दिन के समापन पर 107 पदकों (66 स्वर्ण, 19 रजत एवं 22 कांस्य) के साथ पहले, 71 पदकों (30 स्वर्ण, 25 रजत एवं 16 कांस्य) के साथ हरियाणा दूसरे और कुल 103 पदकों (27 स्वर्ण, 40 रजत एवं 36 कांस्य) के साथ महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर है. 100 मीटर दौड में ओडिशा की दूती चंद ने खेलों में तीसरी बार मीट रिकार्ड तोड़ा और 11.76 सेकेंड का समय लेकर महिला वर्ग का स्वर्ण पदक आसानी से अपने नाम कर लिया.

एक विवादास्पद लिंग परीक्षण में असफल रहने के लिए लगे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध के खिलाफ कानूनी लडाई लड रही 19 साल की खिलाड़ी ने कहा, यहां के मौसम ने मुझे अपने शानदार प्रदर्शन में मदद की. हालांकि मैं 11.73 सेकेंड का अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पायी लेकिन मैं खुश हूं कि मैं राष्ट्रीय चैंपियनशिप में अच्छे प्रदर्शन के बाद यहां अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रही.
केरल की शांतिनी वल्लीकाड ने 11.84 सेकेंड का समय लेकर 100 मीटर का रजत जबकि महाराष्ट्र की रश्मि शेरेगर ने 11.87 सेकेंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता. 100 मीटर मीट के पुरुष वर्ग में हरियाणा के धरमवीर ने 10.46 सेकेंड का समय लेकर पूर्व का 10.52 सेकेंड का रिकार्ड तोड दिया.
धरमवीर ने कहा, मैं यहां 200 मीटर की दौड में हिस्सा लेने आया था लेकिन जब मुझे लगा कि मेरा शरीर मौसम के हिसाब से अच्छी तरह से ढल गया है तो मैंने 100 मीटर में भी किस्मत आजमाने का फैसला किया. स्वर्ण पदक के बारे में छोड दीजिए मैं तो किसी पदक के बारे में नहीं सोच रहा था. ओडिशा के अमिय मलिक (10.64 सेकेंड) ने रजत पदक और महाराष्ट्र के कृष्णकुमार राणे ने (10.65 सेकेंड) कांस्य पदक जीता.
पुरुषों के 400 मीटर में भी नया मीट रिकार्ड बना. एसएससीबी के अरोकिया राजीव ने 46.40 सेकेंड का समय निकालकर पूर्व के 46.97 सेकेंड का रिकार्ड तोड दिया. राजीव ने स्वर्ण, हरियाणा के ललित माथुर (47.07 सेकेंड) ने रजत और पश्चिम बंगाल के चंदन बौरी (47.41) ने कांस्य पदक अपने नाम किए.
महिलाओं के 400 मीटर दौड में केरल की अनील्डा थॉमस ने मीट रिकार्ड की बराबरी करते हुए 52.71 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. केरल की ही अनु राघवन ने रजत (54.38 सेकेंड) और हरियाणा की निर्मला (55.19 सेकेंड) ने कांस्य पदक जीता.
महिलाओं की पोल वॉल्ट में तमिलनाडु की सुरेखा बाबू ने रिकार्ड 4 मीटर की उंचाई के साथ स्वर्ण पदक, केरल की दीजा चेरियन ने रजत (3.60 मीटर) और सिंजु प्रकाश (3.40 मीटर) ने कांस्य पदक अपने नाम किया. खेलों के इतिहास में पहली बार किसी खिलाड़ी ने 4 मीटर की उंचाई छुई है. पुरुषों की 1500 मीटर दौड में उत्तराखंड के रवींदर तौटेला ने स्वर्ण (3.51.96 सेकेंड), केरल के सजीश जोसेफ ने रजत (3.52.08 सेकेंड) और हरियाणा के संदीप ने (3.52.25 सेकेंड) कांस्य पदक जीता.
महिलाओं की लंबी कूद में केरल की नीना वाराकिल ने स्वर्ण (6.39 मीटर), केरल की ही प्रत्युषा एंटनी ने रजत (6.25 मीटर) और पंजाब की भूमिका ठाकुर (6.23 मीटर) ने कांस्य पदक जीता. पुरुषों के चक्का फेंक प्रतियोगिता में एसएससीबी के धरमराज यादव (57.44 मीटर) नये चैंपियन बने जबकि हरियाणा के अर्जुन (56.85 मीटर) और पंजाब के बलजिंदर सिंह (52.40 मीटर) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते.
20 किलोमीटर रेसवॉक में पंजाब के बलजिंदर सिंह ने 1:26:24.20 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता जबकि एसएससीबी के चंदन सिंह ने रजत (1:26:29.20 सेकेंड) और उत्तराखंड के गुरमीत सिंह ने कांस्य (1:27:44.40 सेकेंड) पदक अपने नाम किए. महिला वर्ग में राजस्थान की सपना ने 1:40:35.70 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता और पूर्व का 1:41.08 सेकेंड का रिकार्ड तोड दिया. उत्तर प्रदेश की रानी यादव (1:43:48.80 सेकेंड) और प्रियंका (1:46:09.00 सेकेंड) ने क्रमश: रजत एवं कांस्य पदक अपने नाम किए.
कोल्लम में आज हॉकी प्रतियोगिता का अंत हो गया. एसएससीबी ने ओडिशा को 7-2 से हराकर पुरुष वर्ग का स्वर्ण पदक जीता जबकि महिला वर्ग में पंजाब ने हरियाणा को 3-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. पुरुषों का कांस्य पदक हरियाणा ने झारखंड को 7-6 से हराकर जबकि महिलाओं का कांस्य पदक झारखंड ने ओडिशा को 2-0 से हराकर अपने नाम किया.
आज साइकिलिंग प्रतियोगिता का भी समापन हो गया. पंजाब के अमृत सिंह ने पुरुषों की 1 किमी टाइम ट्रायल एलीट रेस में 1:09:111 सेकेंड का समय निकालकर नया रिकार्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया. बाकी दो पदक भी पंजाब की ही झोली में गए और उसके अमरजीत सिंह ने रजत जबकि गुरबाज सिंह ने कांस्य पदक जीता.
महिलाओं की 500 मीटर टाइम ट्रायल में एशियाई खेलों की पदक विजेता अंडमान निकोबार की देबोराह ने जीता. उन्होंने 37.680 सेकेंड में रेस पूरी की. केरल की केसिया वर्गीज और मणिपुर की चाबुंगम रामेश्वरी देवी ने क्रमश: रजत एवं कांस्य पदक जीते. पुरुषों के 4 किमी इंडिविजुअल परस्विट फाइनल में तीनों पदक एसएससीबी के खाते में गए. उसके मंजीत सिंह ने (4:57.926 सेकेंड) ने स्वर्ण पदक, सोमवीर ने रजत और अमित जंगारा ने कांस्य पदक जीते.
महिलाओं की तीन किमी इंडिविजुअल परस्विट फाइनल में केरल की अंजिता सुबालीथन टीपी ने (4:22.213 सेकेंड) ने स्वर्ण, मणिपुर की अबे देवी राजकुमारी ने रजत और महाराष्ट्र की रुतुजा सतपुते ने कांस्य पदक जीता. कनोइंग और कयाकिंग के आखिरी दिन एसएससीबी ने पुरुषों की 500 मीटर फोर कयाक (के4मी) का स्वर्ण पदक (01:32.00, केरल ने रजत और उत्तराखंड ने कांस्य पदक अपने नाम किया.
महिला वर्ग में केरल ने (02:15.00) स्वर्ण, मध्य प्रदेश ने रजत और मणिपुर ने कांस्य पदक जीते. महिलाओं की 500 मीटर सींगल्स कनो (सी1डब्ल्यू) का स्वर्ण पदक केरल (02:39.00) ने जीता जबकि मध्य प्रदेश और दिल्ली ने क्रमश: रजत एवं कांस्य पदक अपने नाम किए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >