चेन्नई: लिएंडर पेस और दक्षिण अफ्रीका के उनके जोडीदार रावेन क्लासेन ने गुरुवार को यहां महेश भूपति और साकेत मयनेनी की जोडी को पराजित करके चेन्नई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के युगल सेमीफाइनल में प्रवेश किया.
पेस और क्लासेन की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोडी ने पहला सेट आसानी से गंवाने के बाद शानदार वापसी की तथा भूपति और मयनेनी की वाइल्ड कार्ड से प्रवेश पाने वाली भारतीय जोडी को एक घंटे 15 मिनट तक चले मुकाबले में 1-6, 6-1, 10-7 से हराया.सेमीफाइनल में पेस और क्लासेन का मुकाबला पाब्लो कारेना बस्टा और गुलेरमो गर्सिया लोपेज की स्पेनिश जोडी से होगा जिसने एक अन्य मैच में लिथुवानिया के रिकार्डस बरानकिस और क्रोएशिया के मेट पाविच को 6-4, 0-6, 10-4 से पराजित किया.
इस बीच भारत के पुरव राजा और कनाडा के उनके जोडीदार आदिल शम्सुदीन ने स्पेन के राबटरे बातिस्ता आगुट और स्विट्जरलैंड के स्टेनिसलास वावरिंका की जोडी को 7-6, 4-6, 10-4 से हराकर अंतिम चार में जगह बनायी.
