आइपीएल. डुप्लेसिस ने 42 रनों की पारी रसेल का अर्द्धशतक गया बेकार
चेन्नई :दीपक चाहर की अगुआई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से चेन्नई सुपरकिंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग की शीर्ष दो टीमों की जंग में मंगलवार को यहां कोलकाता नाइट राइडर्स को सात विकेट से हराकर अंक तालिका के शीर्ष पर जगह बनायी. चाहर (20 रन पर तीन विकेट), हरभजन सिंह (15 रन पर दो विकेट), इमरान ताहिर (21 रन पर दो विकेट) और रविंद्र जडेजा (17 रन पर एक विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने नाइट राइडर्स की टीम नौ विकेट पर 108 रन ही बना सकी जो मौजूदा सत्र का तीसरा न्यूनतम स्कोर है.
सुपरकिंग्स ने इसके जवाब में सलामी बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस (नाबाद 43) और अंबाती रायुडू (21) के बीच तीसरे विकेट की 46 रन की साझेदारी की बदौलत 17.2 ओवर में तीन विकेट पर 111 रन बनाकर जीत दर्ज की. डुप्लेसिस ने 45 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके मारे. केदार जाधव आठ रन बनाकर नाबाद रहे.
आंद्रे रसेल केकेआर के शीर्ष स्कोरर रहे जिन्होंने जीवनदान का फायदा उठाते हुए 44 गेंद में पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन की पारी खेली. उनके अलावा टीम का कोई बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया.
एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच पर केकेआर के बल्लेबाजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा क्योंकि गेंद बल्ले पर नहीं आ रही थी. नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों ने हालांकि गैरजिम्मेदाराना शाॅट भी खेले जिससे टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाये. इस जीत से सुपरकिंग्स की टीम छह मैचों में पांच जीत से 10 अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गयी है. नाइट राइडर्स की छह मैचों में यह दूसरी हार है और टीम आठ अंक के साथ दूसरे स्थान पर है.
