महिला क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, बोर्ड को मांगनी पड़ी माफी

Nepal Cricket: महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक अनोखा और अनचाहा रिकॉर्ड बन गया है. भूटान की बल्लेबाज रित्शी चोदेन अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट के इतिहास में 'टाइम आउट' होने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं.

Nepal Cricket: इंटरनेशनल महिला क्रिकेट के इतिहास में एक बेहद अनोखा और विवादित वाकया सामने आया है. भूटान की महिला क्रिकेटर रित्शी चोदेन अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में ‘टाइम आउट’ होने वाली पहली बल्लेबाज बन गई हैं. मलेशिया के मंटिन में एसीसी (ACC) प्रीमियर कप के दौरान नेपाल के खिलाफ खेले गए एक टी20 मैच में रित्शी तय समय के भीतर क्रीज पर नहीं पहुंच सकीं, जिसके बाद अंपायरों ने नियमों के तहत उन्हें आउट करार दे दिया. हालांकि, खेल भावना को ध्यान में रखते हुए मैच के बाद क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नेपाल ने इस फैसले पर खेद जताया है.

जानें मैदान पर कैसे घटा यह पूरा वाकया

नेपाल के 114 रनों के लक्ष्य के जवाब में भूटान की पारी की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही. पहली ही गेंद पर ओपनर न्गावांग चोदेन आउट हो गईं। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आईं रित्शी चोदेन हड़बड़ाहट में पूरी तरह तैयार नहीं थीं. वे हाथ में हेलमेट और ग्लव्स लिए मैदान पर आईं और क्रीज पर पहुंचने से पहले लेग-अंपायर से बात करने लगीं. समय का फायदा उठाते हुए नेपाल की पूजा महतो और टीम ने ‘टाइम आउट’ की अपील कर दी. मैदानी अंपायर सन मेंग याओ और अंकिता गुहा ने नियमों के तहत रित्शी को आउट घोषित कर दिया. रित्शी बिना किसी विवाद के चुपचाप पवेलियन लौट गईं और भूटान ने महज 1 गेंद के अंदर अपने 2 विकेट खो दिए.

नेपाल क्रिकेट बोर्ड ने मांगी लिखित माफी

रित्शी चोदेन का ‘टाइम आउट’ होना भले ही आईसीसी के नियमों के अनुसार बिल्कुल वैध था, लेकिन क्रिकेट जगत में इसे खेल भावना के खिलाफ देखा जा रहा है. यही वजह है कि मैच के तुरंत बाद नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन (CAN) ने एक सराहनीय कदम उठाते हुए आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी की और अपनी ही महिला टीम के इस रवैये के लिए माफी मांगी. नेपाल बोर्ड ने खेल की गरिमा को नियमों से ऊपर रखते हुए कहा कि खेल भावना केवल कागजों पर लिखे नियमों तक सीमित नहीं होती. बोर्ड ने माना कि एक विकासशील क्रिकेट देश होने के नाते उनका कर्तव्य मैदान पर निष्पक्ष और सम्मानजनक खेल को बढ़ावा देना है. इस अनचाही घटना के बाद, नेपाल क्रिकेट ने बड़ा दिल दिखाते हुए भूटान क्रिकेट बोर्ड और प्रभावित खिलाड़ी से अपनी टीम की तरफ से बिना किसी शर्त के लिखित माफी मांगी है.

यह भी पढ़े- हार्दिक पंड्या टी20 टीम से हो सकते हैं बाहर, जानिए क्या है BCCI का प्लान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >